यमुनानगर में सैर कर रहे रोडवेज बस के चालक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचला
यमुनानगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। छछरौली में सैर कर रहे रोडवेज बस के चालक 40 वर्षीय रमन को ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपित चालक मौके से फरार हो गया।
यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। छछरौली में सैर कर रहे रोडवेज बस के चालक 40 वर्षीय रमन को ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया।हादसे के बाद आरोपित चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया। मामले में आरोपित चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
छछरौली के अकाल मोहल्ला निवासी मनिंद्र पाल सिंह ने बताया कि मोहल्ला पीरगायब में उसकी बुआ रहती है। बुआ का लड़का रमन रोडवेज विभाग में अस्थाई चालक था। सुबह वह छछरौली बिलासपुर रोड पर सैर कर रहा था। तभी छछरौली बस स्टैंड की ओर से गति से लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चालक आया। अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने पीछे से रमन को टक्कर मारी। जिससे वह नीचे गिर पड़ा। आरोप है कि चालक ने ब्रेक नहीं लगाए और ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए रमन के ऊपर से गुजर गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपित चालक टैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में ली
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ट्रैक्टर ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया। छछरौली थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि आरोपित चालक की पहचान की जा रही है।
पहले भी हो चुके गति वाले ट्रैक्टरों से हादसे
पहले भी गति से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से हादसे हो चुके हैं। सुबह के समय मंडी में पहुंचने की जल्दी में चालक ट्रैक्टर ट्रॉलियों को दौड़ाते हैं। छछरौली रोड पर माह में दो से तीन हादसे इस तरह के हो रहे हैं।
सड़कों में भी हैं खामी
हादसे होने के पीछे रफ्तार ही नहीं, सड़क सुरक्षा के मानक पूरे न होना भी कारण है। जिले में अधिकतर सड़कें इंडियन रोड कांग्रेस के मानकों पर खरी नहीं है। रोड सेफ्टी की बैठकें होती हैं, लेकिन वह भी कागजी ही साबित हो रही है।