आवारा कुत्तों को पकड़ेगा निगम, दो फर्मों ने भरा टेंडर
जागरण संवाददाता पानीपत शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों (स्ट्रे डॉग) को प
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों (स्ट्रे डॉग) को पकड़ने के लिए नगर निगम अभियान चलाएगा। टेंडर में दो बिड आई हैं। जिस फर्म का रेट न्यूनतम होगा, उसे कुत्तों को पकड़ने का वर्क ऑर्डर दिया जाएगा। 7 अक्टूबर के बाद से इन कुत्तों को पकड़ने का काम शुरू हो जाएगा। कुत्ते पकड़े जाने से रेबीज के मरीजों की संख्या में गिरावट आएगी।
कुत्ते व बंदरों को पकड़ने के लिए निगम टेंडर आमंत्रित करता है। कोरोना संकट के चलते इस बार टेंडर लगाने में विलंब हो गया। कुत्ते पकड़ने के लिए दो फर्मों ने टेंडर भरा। निगम के सूत्रों के मुताबिक वीरवार तक टेंडर खुल जाएगा। गांधी जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। सोमवार पांच अक्टूबर को कार्यालय खुलने पर न्यूनतम रेट वाली फर्म को इसका वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
पार्षदों ने दी सहमति
शहर से अवारा आंतक को दूर करने के लिए पार्षदों ने सहमति प्रदान कर दी है। टेंडर ओपन होने में अब कोई बाधा सामने नहीं आएगी।
बंदर पकड़ने का टेंडर दोबारा लगेगा
मॉडल टाउन, सेक्टर 13-17, सेक्टर 11-12 व न्यू हाउसिग बोर्ड कालोनी में बंदरों का आतंक रहता है। एक माह पहले सेक्टर 13-17 के एक पार्क में बंदरों ने झूला झूल रहे बच्चों का पैर नोंच कर जख्मी कर दिया था। बंदरों को पकड़ने के लिए आमंत्रित टेंडर में इस बार कोई फर्म आगे नहीं आई है। बीते जनवरी-फरवरी माह में मथुरा की एक फर्म ने बंदर पकड़ने का ठेका लिया था। निगम के सूत्रों के मुताबिक इसका टेंडर दोबारा लगेगा।
1500 लोगों को कुत्तों ने काटा
एक जनवरी 2020 से 27 सितंबर तक 1500 से ज्यादा लोगों को कुत्तों ने और लगभग 110 को बंदरों ने काट कर घायल किया है। कुछ केस बिल्ली काटने के भी आए हैं। सिविल अस्पताल सहित सीएचसी-पीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सिन का टीका लगाया जाता है।
--------------
सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए दो बिड आई है। दो दिन में टेंडर खुल जाएगा। वर्क ऑर्डर उसके बाद जारी होगा।
अवनीत कौर, मेयर पानीपत।