हरियाणा में बेरोजगारों को ठग बना रहे निशाना, आबकारी निरीक्षक की नौकरी लगवाने का दिया झांसा, ठग लिए 20 लाख
बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर ठगी की वारदात हुई। कुरुक्षेत्र (Kurukshetra) में आबकारी निरीक्षक की नौकरी के लिए 20 लाख रुपये लिए। आरोपित ने पहले छह लाख रुपये में डाटा एंट्री आपरेटर की नौकरी का झांसा दिया था।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र में आबकारी निरीक्षक की पक्की नौकरी लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने 20 लाख रुपये ठग लिए। आरोपित ने पहले डाटा एंट्री आपरेटर लगवाने के नाम पर छह लाख रुपये लिए थे, मगर बाद में 20 लाख रुपये में आबकारी निरीक्षक लगाने का सौदा किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव ठोल निवासी हरकेश सिंह ने इस्माईलाबाद थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके लड़के जसप्रीत सिंह बीए के साथ कंप्यूटर का कोर्स किया हुआ था। वह नौकरी की तलाश में था। उसका साला गांव नगला निवासी जगतार सिंह गांव कडासन निवासी सतपाल की बिजली की दुकान से सामान खरीदता था। सतपाल अपने आप को सेवा का पूर्व कैप्टन बताता था।
शिकायतकर्ता व उसका साला कई बाद सतपाल से मिले। मई 2021 में जब वे सतपाल से मिले उसने बताया कि वह उसके लड़के जसप्रीत सिंह को सरकारी नौकरी लगवा सकता है। आजकल एफसीआइ पंचकूला में डाटा एंट्री आपरेटर की नौकरियां निकली हुई हैं। जसप्रीत सिंह अपनी अर्जी दे सकता है और वह उसे इस पद पर लगवा देगा। छह लाख रुपये में नौकरी लगवाना तय हुआ।
पांच जुलाई को दो लाख रुपये की एफडी बैंक से तुड़वा कर उसने सतपाल को अपने घर गांव ठोल में बुलाकर राशि दी। सतपाल ने उसके लड़के के दो-तीन खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए और सर्टिफिकेट, आधार कार्ड की फोटो काफी ले गया। उसके बाद सतपाल ने उन्हें और बड़ी नौकरी लगवाने का प्रलोभन दिया और कहने लगा कि वह जसप्रीत सिंह को आबकारी निरीक्षक की नौकरी लगवा देगा। आबकारी निरीक्षक लगवाने के लिए 30 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
आरोपित ने कभी नकद तो कभी आरटीजीएस के जरिए 13.80 लाख रुपये लिए। आरोपित सतपाल उसे व उसके लड़के को नौकरी की लिस्ट जारी होने के बारे में कई महीने तक लटकाता रहा, मगर वह नौकरी नहीं लगा। आरोपित ने उनसे नौकरी लगवाने के लिए 20.15 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपित ने उन्हें फर्जी सलेक्शन लिस्ट दिखाई। आबकारी विभाग में जा कर जब उन्होंने जांच की तो उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
सतपाल की दुकान पर गए तो उन्हें पता चला कि सतपाल वह तीन मई 2022 को अपनी दुकान व गोदाम का ताला लगाकर लापता है। आरोपित ने उनके साथ धोखाधड़ी कर 20.15 लाख रुपये हड़पे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआइ दिलेर सिंह को सौंपी गई है। जांच अधिकारी दिलेर सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।