आज से तीन दिन तक बदलेंगे मौसम के तेवर, गरज के साथ बारिश की संभावना
पानीपत के मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पूर्वी हवा के चलते मंगलवार को सुबह हल्की धुंध छाई। लेकिन जैसे ही धूप निकली तो धुंध पूरी तरह से छंट गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पूर्वी हवा के चलते मंगलवार को सुबह हल्की धुंध छाई। लेकिन जैसे ही धूप निकली तो धुंध पूरी तरह से छंट गई। हालांकि दिन भर धूप के बीच बादल भी छाते रहे। वहीं मौसम के बिगड़ते तेवर देख किसानों ने गेहूं की सिचाई पर फिलहाल ब्रेक लगा दिए हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र उझा में मौसम विशेषज्ञ डा. आशीष कुमार ने बताया कि 10, 12 व 13 मार्च को गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में 14 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा की गति 5 से 14.9 किमी तक रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि किसान मौसम के पूर्वानुमान के लिए अपने फोन पर मौसम ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इससे किसानों को मौसम की पूरी जानकारी प्राप्त होगी। बिजली के खतरनाक प्रभावों से बचने के लिए दामिनी एप डाउनलोड कर सकते हैं। यह एप बिजली की शुरुआती चेतावनी के साथ-साथ बचाव की जानकारी भी देती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान से जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ रहा है। इस कारण असर 10 मार्च के बाद देखने को मिलेगा। सोमवार से विड पैटर्न उतरी पश्चिमी से पूर्वी हो गया है। दिन भर तेज पूर्वी हवाएं चल रही है। इसी कारण मंगलवार सुबह को हल्की धुंध देखने को मिली। हालांकि धूप के सामने धुंध ज्यादा देर टिक नहीं पाई। हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जबकि बारिश होने की संभावना 20 फीसद व नमी 54 फीसद दर्ज की गई।