महाभारत की युद्धभूमि में बॉलीवुड की चमक, गीता महोत्सव में ये है खास
इस बार महाभारत की युद्धभूमि में आस्था के साथ बॉलीवुड की धमक भी देखने को मिलेगी। गीता महोत्सव को खास बनाने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। जानिए कौन आएगा।
जेएनएन, पानीपत: इस बार का गीता महोत्सव खास होगा। महाभारत की इस धरा में बॉलीवुड के सितारे अपनी चमक बिखेरेंगे। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 7 से 23 दिसम्बर तक चलने वाले गीता महोत्सव को भव्य और शानदार ढंग से मनाया जाएगा। इस दौरान विख्यात और नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जानने के लिए पढि़ए दैनिक जागरण की ये खास खबर।
गीता महोत्सव में बॉलीवुड से भी हस्तियों को गीता महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। आध्यात्मिक और पौराणिक तरीके से महोत्सव को बेहतरीन बनाने के लिए फिल्म अभिनेता से लेकर गायकों को बुलावा भेजा गया है।
नामी कवियों को भी बुलाया
फुलिया ने बताया कि देश के चुनिंदा और नामी कवियों को भी गीता महोत्सव के लिए बुलाया गया है, जो आध्यात्मिक के साथ-साथ देशभक्ति पर आधारित अपनी अभिव्यक्ति देंगे। हेमंत, बृज वासी, सतेंद्र सरताज को भी बुलाया गया है।
ये बन सकते हैं महोत्सव की शान
अक्षय कुमार, अनुराधा पौड़वाल, सोनू निगम और गुरदास मान सहित कई बड़े हस्ताक्षर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शान बन सकते हैं। इन्हें न्यौता देने के लिए डीसी एसएस फुलिया ने अधिकारियों की बैठक ली। इसमें महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
कई राज्यों की दिखेगी संस्कृति
हरियाणवी, पंजाबी, राजस्थानी, गुजराती और उतर प्रदेश सहित तमाम अन्य राज्यों की संस्कृति को प्रदर्शित और प्रभाषित करते सांस्कृतिक कार्यक्रम भी बेहतरीन अंदाज में प्रस्तुत किए जाएंगे। समूचे शहर को एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा, शहर में पार्किंग की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, शौचालय, बिजली सप्लाई इत्यादि को लेकर संबंधित अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।
कृष्ण लीला से भी होंगे रूबरू
केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि संगीता शर्मा अन्वेषण सोसायटी फार परफार्मिंग आर्ट दिल्ली भी नृत्य के क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बिंदु रहेगी। पद्मश्री सुमित्रा गुहा 13 से 18 दिसंबर तक प्रतिदिन आरती स्थल पर भजन गायन का आध्यात्मिक कार्यक्रम देंगी। इसके साथ-साथ आतशी मिश्रा दशावतार को लेकर अपनी प्रस्तुति देंगी। सुभ्रा मुख्य मंच पर आध्यात्मिक कृष्णा लीला से संबंधित अपनी प्रस्तुतियां देंगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उन व्यक्तित्वों की सूची फाइनल कर दी जाएगी जो गीता महोत्सव में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। ब्रह्मसरोवर पर लगे पोलों को खूबसूरत और सांस्कृतिक लाइटों से जगमग किया जाएगा।