घर के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार बहनों के इकलौते भाई की मौत
संवाद सूत्र बापौली (पानीपत) दुर्गा कालोनी में घर की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई
संवाद सूत्र, बापौली (पानीपत): दुर्गा कालोनी में घर की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 24 साल के मजदूर सुनील की मौत हो गई। वह चार बहनों का इकलौता भाई थी। बापौली थाना पुलिस ने कालोनाइजर रवींद्र कटारिया और बिजली निगम के जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक के चचेरे भाई अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सुनील मकान की छत पर तौलिया सुखाने गया था। छत से करीब नौ फीट ऊंचाई से गुजर रही लाइन से तौलिया छू गया और उसे करंट लग गया। झुलसने से वह बेहोश होकर गिर गया। स्वजन उसे अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल के चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी और चार साल का बेटा भी है।
सुनील की मां रामकली ने आरोप लगाया कि छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को हटवाने के लिए कई बार निगम से शिकायत की। अधिकारी उस समय सुन लेते तो बेटे की जान नहीं जाती। थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जेई ने मांगे थे एक लाख रुपये
कालोनी वासियों का कहना है कि बिजली का तार हटाने बारे कई बार बिजली निगम के जेई से मुलाकात की। हर बार बिजली निगम के जेई द्वारा पैसों की मांग की जाती रही। जिसने कालोनी काटी थी, उससे भी मिले पर उसने भी सुनवाई नहीं की। इनकी वजह से मौत हो गई। दो महीने पहले भी दुर्गा कालोनी में एक व्यक्ति को करंट लगा था। कालोनी में गरीब लोग रहते हैं। उनके पास देने के लिए एक लाख रुपये नहीं थे, जिस कारण से दोबारा बिजली का हादसा हुआ। बिजली निगम पहले से काम कर देता तो शायद यह हादसा नहीं होता। बिजली निगम ने ऐसे परिवारों को नोटिस दिए हुए हैं, जिन्हें घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन को हटवाना है। इसकी एवज में कुछ रकम भी जमा करानी होती है।
- अशोक कुमार, एसडीओ, बिजली निगम कालोनी 12 साल पहले गोहाना वासी कई लोगों ने मिलकर काटी थी। लाइन को हटाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार कालोनी के लोगों के साथ मिला भी। इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
- रवींद्र कटारिया