बदमाशों ने रेकी कर सात मिनट में उद्यमी की पत्नी की तीन तोले के सोने की चेन झपटी
जागरण संवाददाता पानीपत सोने के दाम बढ़ते ही शहर में चेन स्नेचिग की वारदात भी बढ़ गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सोने के दाम बढ़ते ही शहर में चेन स्नेचिग की वारदात भी बढ़ गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने बुधवार सुबह विकास नगर में फैक्ट्री मालिक की पत्नी की तीन तोले की चेन झपट ली और फरार हो गए। बदमाशों ने रेकी कर सात मिनट में वारदात को अंजाम दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
घटना सुबह 6:31 बजे की है। विकास नगर के रमाकांत गिरी की फैक्ट्री है। रमाकांत की पत्नी बबीता ने बताया कि वे विकास नगर स्थित डेयरी से दूध लेकर लौट रही थी। पहले से गली के कोने पर बाइक पर युवक खड़ा था। पीछे से एक बदमाश और उसकी सोने की चेन झपटकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठ कर भाग गया। उसने शोर मचाया। गली में घूम रहे कई लोगों ने बदमाशों की पीछा किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं पाए। वे बाइक का नंबर नहीं देख पाई।
आधे घंटे तक बदमाशों को विकास नगर और नांगलखेड़ी में ढूंढ़ा
पीड़ित बबीता ने घर जाकर पति रमाकांत को वारदात की सूचना दी। रमाकांत ने पड़ोसियों के साथ मिलकर पांच बाइकों से आधे घंटे तक विकास नगर, अनाज मंडी, नांगलखेड़ी और सेक्टर-29 में बदमाशों को ढूंढ़ा, लेकिन सुराग नहीं मिला। रमाकांत ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को सूचना दी और बदमाशों की तस्वीर सौंपी। थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। उन बदमाशों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है जो पहले चेन स्नेचिग की वारदात में जेल से बाहर हैं।