घर से तीन सौ मीटर दूर नाले में मिला राजमिस्त्री का शव
मुकेश को फोन किया तो उसने बताया कि सेक्टर-12 में है 15 मिनट में घर पहुंचेगा। 930 बजे फिर से फोन किया तो बंद मिला। 1230 बजे तक इंतजार किया और फिर वह पड़ोसी दयानंद के साथ उसे ढूंढने लगी।
जागरण संवाददाता, पानीपत : एकता विहार कालोनी के राजमिस्त्री का संदिग्ध परिस्थिति में शव घर से 300 मीटर दूर नाले में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
बिहार के जिला समस्तीपुर के मुसापुर निवासी चांदनी ने बताया कि वे 12 साल से एकता विहार कालोनी में रह रहे हैं। उसका पति मुकेश (35) राजमिस्त्री था। वह कुछ दिनों से गोहाना रोड पर काम कर रहा था। बुधवार रात 8 बजे उसने मुकेश को फोन किया तो उसने बताया कि सेक्टर-12 में है, 15 मिनट में घर पहुंचेगा। 9:30 बजे फिर से फोन किया तो बंद मिला। 12:30 बजे तक इंतजार किया और फिर वह पड़ोसी दयानंद के साथ उसे ढूंढने लगी। कालोनी के अलावा गोहाना रोड और सेक्टर 12 में तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। वीरवार सुबह 5:30 बजे वह पति को ढूंढने निकली। 10 बजे पड़ोस के दुकानदार ने बताया कि एक दूधवाले बताया है कि नाले में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर गई तो शव पति का था। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। न ही रुपयों का लेनदेन था। मुकेश का एक बेटा और दो बेटी हैं। थाना चांदनी बाग पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाली देने से रोकने पर मामा-भांजे पर चाकू से हमला
विद्यानंद कालोनी में गाली देने से रोकने पर मामा-भांजे पर दो युवकों ने चाकू व ईट से हमला कर दिया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विद्यानंद कालोनी के सुंदर लाल ने पुलिस को शिकायत दी कि बुधवार शाम को उनके जीजा बृजपाल ने घर के सामने चाऊमीन की रेहड़ी लगा रखी थी। दो युवक जीजा के साथ गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर वह और भांजा आकाश मौके पर पहुंचे। गाली देने से मना करने पर दिनेश नामक युवक ने रेहड़ी से चाकू उठाकर आकाश की गर्दन पर हमला कर दिया। दूसरे प्रवीण नामक युवक ने उसके सिर पर ईट से हमला किया। आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो दोनों आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। दोनों घायलों को स्वजनों ने सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया।