सदन में गरमाया बेसहारा गोवंश का मुद्दा, पार्षदों ने लहराया दैनिक जागरण
जागरण संवाददाता पानीपत आठ महीने बाद हुई नगर निगम के सदन की बैठक में पार्षदों ने जमकर
जागरण संवाददाता, पानीपत : आठ महीने बाद हुई नगर निगम के सदन की बैठक में पार्षदों ने जमकर अपनी भड़ास निकाली। सबसे ज्यादा गुस्सा बेसहारा गोवंश को लेकर अपनाए जा रहे रवैये को लेकर जताया। पार्षद अनिल बजाज ने तो दैनिक जागरण दिखाते हुए कहा कि आखिर कब तक हम लोग हादसों का शिकार होते रहेंगे। इसके अलावा हाली पार्क का काम ठप होने और जय भारत मारुति कंपनी को सफाई का ठेका देने पर सवाल उठे। गोवंश के मसले पर मेयर अवनीत कौर ने कहा कि यह गंभीर समस्या है। इसका समाधान कैसे किया जाए। सदन इस पर विचार करें। नैन गो अभयारणय में इंतजाम हो जाए तो सबसे सही जगह है। मेयर ने नगर निगम कमिश्नर सुशील कुमार से कहा कि आप इस समस्या के समाधान के लिए टाइम लाइन निर्धारित करें। कमिश्नर सुशील कुमार ने कहा कि उन्होंने सर्वे करवाया है। शहर में एक हजार के करीब बेसहारा गोवंश हैं। जिन्हे गोशालाओं में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। एक हफ्ते में कार्रवाई शुरू कर देंगे। बंदर पकड़ने के लिए भी टेंडर लगाया है।
विधायक विज ने कहा- गोवंश का मुद्दा गंभीर
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि बेसहारा गोवंश का मुद्दा गंभीर है। अफसरों को पता नहीं है कि निगम की 100 एकड़ शामलात जमीन है। इसे प्रोजेक्ट में लें। सदन को निर्णय लेना है कि बेसहारा गोवंश का क्या समाधान हो सकता है। इसके समाधान के एवज में एक पैसा किसी को नहीं देना है। गोशाला, बूचड़खाना और डेयरी के लिए हम जगह ढूंढ़ रहे हैं। वार्ड नंबर 10 के पार्षद रवींद्र भाटिया ने विधायक से अनुरोध किया कि सरकार की नई पॉलिसी में गोवंश का समाधान निकल जाएगा। अफसरों को इस बारे में कुछ पता नहीं है।
हाली पार्क छह माह में तैयार करें
विधायक प्रमोद विज ने निगम के अफसरों से कहा कि हाली पार्क का काम शुरू करवाने में देरी होने का कारण जानना चाहते हैं। मेजरमेंट बुक से नापी करवाकर देख लें। ठेकेदार का अधिक पैसा निकलता है तो उसकी व्यवस्था करें। निगम का निकलता है तो उससे काम करवाएं। छह महीनें में ये जनता को समर्पित हो जाना चाहिए।
सफाई पर भ्रष्टाचार गूंजा
सदन की बैठक में सफाई को लेकर भ्रष्टाचार का मामला गूंजा। पार्षदों ने कहा कि आबादी के हिसाब से उन्हें सफाईकर्मी दिए जाएं। इसके लिए शहरी और ग्रामीण डिविजन में बांट कर कार्य करवाएं। वार्डों में अलग-अलग सुपरवाइजर की व्यवस्था करें। विधायक ने इस बात का समर्थन करते हुए कहा कि निगम आयुक्त इस मामले को देखें।
जागरण ने चलाया है गोवंश संरक्षित अभियान
जागरण ने बेसहारा गोवंश को सहारा देने के लिए अभियान चलाया है। पार्षद अनिल बजाज ने कहा कि उनके वार्ड नंबर पांच में इतने गोवंश हैं कि कई बार किसी तरह घायल होने से बचे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में 1700 गोवंश को नैन गो अभयारण्य में भेजा गया था। इस बार देरी होने का कारण जानना चाहते हैं।