मॉडल टाउन की सड़कों पर बेसहारा गोवंश, सहमे रहते लोग
जागरण संवाददाता पानीपत बेसहारा गोवंश को सहारा देने शहर वासियों को राहत पहुंचाने क
जागरण संवाददाता, पानीपत : बेसहारा गोवंश को सहारा देने, शहर वासियों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम के हाउस की बैठक में यह मुद्दा उठा। विधायक से लेकर पार्षदों ने खूब शोर-शराबा किया। निगम कमिश्नर सुशील कुमार ने एक सप्ताह का समय मांगा है। एक दिन निकल चुका है। शहर में कहीं से गोवंश को नहीं पकड़ा गया। शहर का पॉश एरिया मॉडल टाउन भी गोवंश से अछूता नहीं है।
जागरण की टीम मंगलवार दोपहर को मॉडल टाउन पहुंची। बेसहारा गोवंश सड़कों पर दिखाई दिए। मॉडल टाउन 100 नंबर चौक से गुरुद्वारे की तरफ जाने पर अपना पार्क है। पार्क से रामलाल चौक जाने वाले रास्ते में गोवंश का झुंड दिखाई दिया। सांड के बीच सड़क पर खड़े होने से पैदल चलने वालों को डर लग रहा था। दोपहिया वाहन चालक भी उस झुंड से बच कर निकलने का रास्ता तलाशते रहे। कुछ वाहन चालकों ने दूसरा रास्ता अपना लिया। मकान संख्या 90-आर के पास सड़क के किनारे पांच गोवंश का झुंड मिला। मकान मालिक सौरभ ने बताया कि इन बेसहारा गायों को रखने के लिए गोशालाएं बनी हैं। निगम प्रशासन को कार्रवाई करना चाहिए। शहर में इधर-उधर भटकते गोवंश को गोशालाओं में भिजवाने की व्यवस्था कराएं। कुछ दूर आगे चलने पर तिराहे पर खड़े जोगिद्र ने जागरण को बताया कि तीन दिन पहले वह शाम को इसी रास्ते से जा रहे थे। अचानक एक सांड उनकी तरफ दौड़ कर आ गया। घायल होने से बाल-बाल बच गए।
राजस्थान से लाकर छोड़ रहे पानीपत में
मॉडल टाउन में रहने वाले दीपेश ने बताया कि जुलाई माह से पहले इतना गोवंश नहीं दिखता था। अब संख्या बढ़ती जा रही है। राजस्थान से लाकर पानीपत में इन्हें छोड़ देते हैं। पूरे शहर में दो हजार के करीब गोवंश भूखे पेट सड़कों पर भटक रहे हैं। प्रशासन इनकी सुधि नहीं ले रहा है। सैकड़ों एकड़ गोचरान भूमि की बोली लगती है। इन गोवंश को वहां रखा जाए तो संरक्षित रहेंगे। हम इनसे सुरक्षित रहेंगे।