मंत्रीजी की कार से रहिए दूर, वरना गलती की मिलेगी ये सजा
टोल प्लाजा के पास फ्लाईओवर पर चढ़ते समय वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की मर्सिडिज कार आगे चल रही कार से टकरा गई। चार लोग बाल-बाल बचे। कार चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
जेएनएन, पानीपत। टोल प्लाजा के पास दोपहर को फ्लाईओवर पर चढ़ते समय वित्तमंत्री कैप्टन की मर्सिडिज एक कार से टकरा गई। दोनों वाहनों में चालक सहित चार लोग थे। सभी सुरक्षित हैं। हालांकि वित्तमंत्री के चालक की शिकायत पर कार चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं आरोपित युवक का कहना है कि गलती से कार में टक्कर हो गई। हादसे के समय वित्तमंत्री गाड़ी में नहीं थे।
घटना दोपहर करीब पौने दो बजे की है। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु चंडीगढ़ से दिल्ली फ्लाइट में चले गए। उनकी मर्सिडिज कार व पायलट गाड़ी चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही थी। टोल प्लाजा पार करके गाड़ी जैसे ही फ्लाईओवर पर चढ़ने लगी। तभी पीछे से आ रही होंडा सिटी कार ओवरटेक कर आगे आ गई। चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे मंत्री की कार पीछे से टकरा गई।
मंत्री की गाड़ी में तीन लोग थे
हादसे में दोनों गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन किसी को जान का नुकसान नहीं हुआ। मंत्री की कार के चालक हिसार के खांडा खेड़ी निवासी शमशेर सिंह गाड़ी को करनाल एजेंसी ले गया। मंत्री की गाड़ी में दो और लोग थे। जबकि आरोपित चालक अकेला था।
आरोपित युवक बोला-मेरी कोई गलती नहीं
पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही सेक्टर 6-7 चौकी प्रभारी श्रीभगवान मौके पर पहुंचे और आरोपित पंजाब के जिला ब¨ठडा के गांव मोड़खुर्द के कृपाराम को हिरासत में लेकर गाड़ी कब्जे में ले ली। कृपाराम ने बताया कि पंजाब से पानीपत के सेक्टर-25 में बरात आई थी। वह इसी शादी समारोह में शिरकत करने आया था। गाड़ी उसकी खुद की नहीं है। उसकी कोई गलती नहीं है। चौकी प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि गाड़ी चालक शमशेर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपित कार चालक कृपा को गिरफ्तार कर लिया है।