कैथल में मचा हड़कंप, खेत में महिला के अधजले शव को नोंच रहे थे कुत्ते
कैथल में एक महिला अधजला शव मिला है। महिला का खेतों में मिला। कुत्तों ने भी शव को नोंचा हुआ है। खेत में पराली के बीच से शव को कुत्ते बाहर ले आए तो घटना का पता चला है। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
संवाद सहयोगी, पूंडरी (कैथल)। गांव बरसाना के हाबड़ी रोड पर एक खेत में बुधवार शाम को एक महिला का अधजला शव मिला है। घटना की सूचना पाकर कैथल एसपी लोकेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन खेत से उसका मंगलसूत्र, कानों की बालियां और बालों में लगाने वाला क्लिप बरामद हुआ है।
गांव बरसाना निवासी बाबू राम ने बताया कि जब बुधवार सुबह वह खेत में आए तो देखा कि एक एकड़ की रखी पराली में आग लगी है। उन्हें लगा कि किसी ने शरारत में आग लगाई है।
जिसके बाद वह पराली के पास नहीं गए और खेत में अपना काम कर वापस घर लौट गए। शाम के समय किसी ने उनको फोन कर सूचना दी कि उनके खेत में पराली के ढेर मे किसी महिला का शव मिला है। सूचना के बाद वह खेत में पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शव मिलने की सूचना पाकर एसपी लोकेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया है।
आस पास बिखरे मिले आभूषण
पुलिस ने मौके पर पहुंच जब आस पास जांच करनी शुरू की तो पाया कि जगह-जगह महिला के आभूषण बिखरे पड़े हैं। इनमें मंगलसूत्र और बालियां पुलिस ने बरामद कर ली हैं। इससे जाहिर हो रहा है कि महिला ने खुद को बचाने के लिए जदो जहद की होगी।
एसपी कैथल लोकेंद्र सिंह का कहना है कि शव किसका है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।