कंपनी को भेजा स्ट्रीट लाइट का वर्क आर्डर, एक माह बाद लगेंगी लाइटें
नगर निगम ने पानीपत शहर के 26 वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का आर्डर जारी कर दिया है। एक माह के बाद स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू होगा। निगम की टीम अपनी देखरेख में पूरे शहर में लाइटें लगाएंगी। टेंडर तीसरी बार सिगल बिड में ओपन हुआ है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : नगर निगम ने पानीपत शहर के 26 वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का आर्डर जारी कर दिया है। एक माह के बाद स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू होगा। निगम की टीम अपनी देखरेख में पूरे शहर में लाइटें लगाएगी। टेंडर तीसरी बार सिगल बिड में खुला है।
स्ट्रीट लाइट घोटाले में निगम के अफसरों की बदनामी होने के बाद पानीपत शहर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था चरमराई हुई है। कालोनियों में अंधेरा पसरा हुआ है। 26 वार्डों में 9800 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। सिगल बिड में टेंडर करने वाली क्राम्प्टन ग्रीव्स कंपनी को वर्क आर्डर दे दिया गया है। कंपनी टेंडर में दिए शर्त व निगम के इस आर्डर के अनुरूप लाइटें तैयार करेगी। डिस्पैच करने से पहले निगम के अधिकारियों की टीम प्री इंस्पेक्शन करेगी। नियम व शर्त के अनुरूप गुणवत्ता सही पाए जाने के बाद लाइट की आपूर्ति शुरू होगी। कंपनी को इतनी संख्या में लाइट निर्माण करने में एक माह का समय लगेगा। वार्डों में इसके बाद ही स्ट्रीट लगना शुरू होगा। एसई महीपाल ने बताया कि स्ट्रीट लाइट के लिए वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है।