जरूरतमंदों के लिए बढ़े हाथ, पार्षदों के साथ सामाजिक संगठनों ने संभाली गली-गली की जिम्मेदारी
हमारी गली-हमारे जिम्मे अभियान के तहत कोरोना संकट के समय जरूरतमंदों के लिए सामाजिक संगठन से लेकर सांसद पार्षद तक ने मदद को हाथ बढ़ाया है।
पानीपत, जेएनएन। लॉकडाउन में जरूरतमंदों के सहयोग करने के लिए सामाजिक संगठनों के साथ-साथ पार्षदों ने गली-गली की जिम्मेदारी संभाली है। वाडरें में पार्षद अपने-अपने गली और मोहल्ले में राशन, भोजन वितरण करा रहे हैं। पके खाने के साथ ही राशन दिया जा रहा है। सात दिनों में वाडरें को सैनिटाइज कराया गया। वार्ड पार्षदों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी भूखा नहीं सोने देंगे।
मुकेश टुटेजा ने आठ कॉलोनियों की जिम्मेदारी ली
नगर सुधार मंडल के पूर्व चेयरमैन मुकेश टुटेजा और उनकी टीम ने जाटल रोड पुल के नीचे जरूरत मंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की है। इसके साथ ही आठ कॉलोनियों की जिम्मेदारी संभाली है। इन आठ कॉलोनियों में राजनगर, आजाद नगर, मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, बत्र कॉलोनी, जनक गार्डन, पुरेवाल कॉलोनी, धानक बस्ती, राजपूत कॉलोनी, गढ़वाल कॉलोनी शामिल है। मुकेश टुटेजा के कहना है कि श्रमिकों की वजह से आज पानीपत का नाम देश-विदेश में है। इनकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए सभी संस्थाओं को इस यज्ञ में आहुति डालनी चाहिए।
वार्ड नौ की पार्षद मीनाक्षी नारंग ने संभाला जिम्मा
वार्ड नौ की पार्षद मीनाक्षी नारंग ने पति अशोक नारंग के साथ वार्ड की गलियों का जिम्मा संभाला है। हर गली में जरूरतमंदों के लिए दोनों समय की खाने की व्यवस्था की गई है। इसमें रंगमंच कला संगम, प्रभुदेन समिति सहयोग दे रही है। हलवाई बैठाया गया है। इस वार्ड में रिक्शा चालक से लेकर अनेक श्रमिक रहते हैं। किला संघर्ष समिति खाना बनाने में सहयोग दे रहा है। सभी को दो समय का भोजन देने की व्यवस्था की गई है। पार्षद मीनाक्षी का कहना है कि लोग राशन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी स्कीमों से अवगत कराया जा रहा है।
तीन कॉलोनियों का जिम्मा कोमल सैनी ने संभाला
वार्ड 11 में किला के नीचे कम्युनिटी हॉल में खाना बनाया जा रहा है। वार्ड 11 की पार्षद कोमल सैनी ने अपने वार्ड की गली सैनी कॉलोनी, चांदनी बाग, कटारिया कॉलोनी भारत नगर की जिम्मेवारी संभाली है। सामाजिक संस्थाओं से मिलकर इन गली मुहल्लों में दोनो समय खाना पहुंचाया जा रहा है। हर घर में चार सदस्य के हिसाब से दोनों समय खाना भेजा जा रहा है।
डीसी ने मुहिम को सराहा
जिला उपायुक्त हेमा शर्मा ने दैनिक जागरण की मुहिम- हमारी गली-हमारे जिम्मे को सराहा है। जागरण से बातचीत में डीसी ने कहा कि इस मुहिम से जरूरतमंदों तक लोग पहुंच सकेंगे। समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को मदद पहुंचनी चाहिए। अगर हम सभी अपनी गली, अपने मुहल्ले और एरिया की जिम्मेदारी ले लें तो कोई भी नागरिक भूखे पेट नहीं सोएगा। सामाजिक संगठन भी अब एरिया वाइज मदद पहुंचाने लगे हैं। प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दी जा रही है।
किसी व्यक्ति भूखा नहीं सोने दिया जाएगा
कोरोना वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन के चलते सांसद संजय भाटिया ने कहा कि दैनिक जागरण के आह्वान के बाद लोगों की मदद के लिए आई संस्थाएं और अन्य समितियां अच्छा काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इनका सहयोग जारी रहना चाहिए। यदि ऐसा रहा तो किसी को भूखा नहीं सोने दिया जाएगा।
वार्ड सात के लिए वालंटियर लगाए
वार्ड सात के पार्षद अशोक कटारिया ने कप्तान नगर का जिम्मा लिया है। उन्होंने अलग-अलग गली-कॉलोनी में अपने कार्यकर्ता लगाए हैं। राजीव कॉलोनी में वीरेंद्र शर्मा, हनुमान कॉलोनी में राकेश बाबा, महादेव कॉलोनी में अजीत राणा को लगे हैं। इनके साथ सहयोग के लिए दो-दो कार्यकर्ता और जोड़े गए हैं। सात दिनों तक राजीव कॉलोनी, महादेव कालोनी, हनुमान कॉलोनी, अशोक विहार, कुटानी रोड सहित पूरा वार्ड मशीनों की सहायता के सैनिटाइज कराया है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें