देसराज कालोनी में सीवर लाइन का काम रुकवाया, मांगी टेंडर कॉपी
लोगों से कहा कि आप नगर निगम में जाओ। वहां से पेपर देख लो। जब लोगों ने कहा कि पाइप भी महज आठ इंच की है तो काम करने वालों ने कहा कि यही लगा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : तहसील कैंप के वार्ड चार की देसराज कालोनी में रहने वाले लोगों ने सीवर लाइन बिछाने का काम रुकवा दिया। ठेकेदार से लोगों ने जब टेंडर के वर्क आर्डर और एस्टीमेट की कॉपी मांगी तो उन्हें इसके कागज दिखाने से इन्कार कर दिया गया। लोगों से कहा कि आप नगर निगम में जाओ। वहां से पेपर देख लो। जब लोगों ने कहा कि पाइप भी महज आठ इंच की है तो काम करने वालों ने कहा कि यही लगा रहे हैं। यही लगाएंगे। इस पर लोग भड़क गए और काम बंद करवा दिया। वार्ड के पार्षद रवींद्र को शिकायत की।
पार्षद का कहना है कि वह कालोनी वासियों के साथ खड़े हैं। निगम से जानकारी लेंगे। देसराज कालोनी की गली नंबर एक और तीन में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। वार्ड निवासी अमित मंगला, धर्मपाल शर्मा ने जागरण को बताया कि पाइप महज आठ इंच का है। यह भविष्य में किसी काम के नहीं रहेंगे। इनकी गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। प्लास्टिक का पाइप है। उन्होंने यहां काम कर रहे लोगों से टेंडर का वर्क आर्डर मांगा। इसकी कॉपी दिखाने से इन्कार करते हुए कहा कि नगर निगम में जाकर ले लो। तब उन्होंने काम रुकवा दिया।
बड़ा सवाल- इतना छोटा पाइप क्यों
कालोनीवासी संजय जैन, पप्पू शर्मा का कहना है कि ये पाइप लाइन लोड नहीं उठा सकेगी। क्या अफसरों ने इस बारे में बिल्कुल नहीं सोचा। ठेकेदार जो काम कर रहा है, उसका निरीक्षण भी नहीं किया जा रहा।
अफसर होंगे जिम्मेदार
पार्षद रवींद्र नागपाल का कहना है कि जेई, एक्सईएन से लेकर चीफ इंजीनियर इसके लिए जिम्मेदार हैं। अगर पाइप लाइन ठीक नहीं है, भविष्य में कालोनी में दिक्कत आती है तो इसके लिए निगम अफसरों की गलती मानी जाएगी। उन्होंने कई वार्डो के पार्षदों से बात की है। सभी जगह ये पाइप डाली जा रही है। वह कालोनी वासियों के साथ खड़े हैं। जहां चलने की जरूरत होगी, वहां जाएंगे। वर्क आर्डर की कॉपी भी निकलवाएंगे।
हमने कुछ गलत नहीं कहा
काम करवा रहे रजत से जागरण ने बातचीत की। रजत का कहना है कि उन्होंने कालोनीवासियों को कुछ गलत नहीं कहा। वह नगर निगम से जाकर पेपर ले सकते हैं।