पिछले दो महीने से नहीं मिला वेतन, इंतजार में ब्लूजे रेस्टोरेंट के कर्मी
कस्बे के इकलौते टूरिस्ट काम्पलेक्स ब्लूजे रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला पाया है। इसके चलते उनके सामने आर्थिक संकट की समस्या पैदा हो गई है।
जागरण संवाददाता, समालखा : कस्बे के इकलौते टूरिस्ट काम्पलेक्स ब्लूजे रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला पाया है। इसके चलते उनके सामने आर्थिक संकट की समस्या पैदा हो गई है। वहीं अब अनलाक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद 15 जून से रेस्टोरेंट में काम भी शुरू हो चुका है।
कस्बे में नेशनल हाईवे की दिल्ली से करनाल लेन पर नपा कार्यालय के नजदीक हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से सालों पहले ब्लूजे रेस्टोरेंट खोला गया। हाल में रेस्टोरेंट में तेरह कर्मचारी काम करते हैं। इनमें मैनेजर, अकाउंट इंचार्ज, वेटर, माली, स्वीपर आदि कर्मचारी शामिल हैं। पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। कोरोना संक्रमण काल में लाकडाउन के चलते महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। वहीं वेतन नहीं मिलने से ब्लूजे रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कोरोना की दूसरी लहर के कारण लगे लाकडाउन में रेस्टोरेंट को बंद किया गया था। अब अनलाक होने के पर इसे फिर से शुरू किया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि दो माह से वेतन नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई है। लाकडाउन में खाद्य वस्तुओं के दाम तो बढ़े ही हैं अन्य जरूरी सामानों की कीमत भी पहले से ज्यादा हो गई है। बिना वेतन के घर चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द वेतन दिलाने की मांग की है ताकि उनके घर का खर्च चल सके।