बस चालक ने कट मारा तो खंभे से टकराई बस, पांच सवारियां गिरी, एक की मौत Panipat News
पानीपत में रोडवेज बस खंभे से टकरा गई। पांच सवारियां बस से गिरी जिसमें से एक की मौत हो गई। चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
पानीपत, जेएनएन। किंडर किन बीएड कॉलेज के पास ट्रैक्टर-ट्राली को बचाने के लिए पानीपत डिपो की रोडवेज बस चालक ने कट मार दिया। बस का पिछला हिस्सा लोहे के खंभे से टकराया। इससे दरवाजे पर लटकी पांच सवारियां पक्के गोहर (खेत जाने वाला रास्ता) पर गिर गई। इसमें कुराना गांव के ईश्वर (52) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार घायल हैं। ईश्वर के साले सुनील की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चश्मदीद राजेश ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम साढ़े 6 बजे रोडवेज बस चालक पानीपत डिपो से रवाना हुआ। चालक पूरे रास्ते तेज रफ्तार में बस दौड़ाता रहा। इसराना बस अड्डे पर चालक बस खड़ी कर कहीं चला गया। दस मिनट बाद लौटा तो कदम डगमगाते दिखे। सात बजे परढ़ाणा से गोल्डन फैक्ट्री का श्रमिक ईश्वर और उसके साथी बस में सवार हो गए। वे पिछले दरवाजे पर खड़े थे। किंडर किन बीएड कॉलेज के पास चालक ने तेज रफ्तार में कट मारा श्रमिक ईश्वर और चार सवारियां नीचे गिरी तो चालक ने बस की स्पीड और भी बढ़ा दी। शोर मचाने पर चालक बस रोक कर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज खानपुर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सभी घायलों के सिर में गंभीर चोट लगने के चलते उन्हें पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। घायलों की हालत चिंताजनक बनी है।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपित बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एएसआइ नरेश कुमार, जांच अधिकारी।