आठ महीने से मनाना रोड अधूरा, लोगों में रोष
मनाना से समालखा आने वाली दो किमी लंबी सड़क की समस्या लोक निर्माण विभाग के एसई के संज्ञान में है। इसके बाद भी तारकोल बिछाने का काम महीनों से शुरू नहीं हो सका है। रोड के आठ महीने से अधूरे होने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने रोष प्रदर्शन कर अधिकारियों को आगाह किया है।
जागरण संवाददाता, समालखा : मनाना से समालखा आने वाली दो किमी लंबी सड़क की समस्या लोक निर्माण विभाग के एसई के संज्ञान में है। इसके बाद भी तारकोल बिछाने का काम महीनों से शुरू नहीं हो सका है। रोड के आठ महीने से अधूरे होने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने रोष प्रदर्शन कर अधिकारियों को आगाह किया है। जाम लगाने की चेतावनी भी दी है।
मनाना से लोढ़ा बस्ती होकर सीधे समालखा आने वाली सड़क आठ माह से अधूरी है। ठेकेदार ने पत्थर डालकर छोड़ दिया है। ग्रामीणों को आवाजाही में असुविधा हो रही है। बाइक सवार हादसे के शिकार हो रहे हैं। किराए के वाहनों का चलना बंद है।
महावीर राठी, गौरव, जगवीर, कृष्ण, अमित, जोगेंद्र, कृपाल, संदीप, बिजेंद्र, राहुल ने बताया कि उपमंडल आने का यह मुख्य रास्ता है। इस पर उनके खेत भी हैं। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने करीब एक साल पहले नवनिर्माण के लिए इसे उखाड़ा था। ठेकेदारों के बीच विवाद से आठ माह से काम बंद है।
सड़क पर पत्थर बिखरे हैं। उस पर तारकोल नहीं लगाया जा रहा है। टैंपो सहित बाइक चालकों के लिए यह आफत बना है। वे जेई से लेकर एसई तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन भरोसे के सिवाय कुछ नहीं मिला है। अधिकारी हर बार दो-चार दिनों में काम शुरू करवाने की बात कहकर उन्हें दिलासा दे देते हैं, लेकिन काम नहीं शुरू करवाते हैं। हाल यह है कि अब पैदल चलना भी रास्ता से दूभर हो गया है।