Haryana Weather Update: खतरा टला, किसानों ने ली राहत की सांस, जानिए कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हरियाणा के कई क्षेत्रों में मौसम की वजह से फसलों पर संकट मंडरा रहा था। अब ये खतरा टल गया है। किसानों ने भी राहत की सांस ली है। सामान्य से नीचे आया अधिकतम व न्यूनतम तापमान।
करनाल, जेएनएन। मार्च माह में चल रहे मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण अब तक ठंडक बनी हुई है। बुधवार सुबह काफी ठंड रही। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गए हुए हैं। अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं न्यूनतम तापमान भी रिकार्ड 6.0 डिग्री गिरावट के साथ 12.0 डिग्री सेल्सियस पर आया गया।
करनाल में अधिकतम सामान्य से 6.0 डिग्री कम व न्यूनतम 3.0 डिग्री नीचे चल रहा है। बुधवार को मौसम साफ हो गया, जिसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। पिछले दिनों से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बरसात व ओलावृष्टि हुई है, जिस कारण से ठंडी हवा चल रही है। किसानों के लिए राहत भरी खबर यह है कि अभी बरसात की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। लेकिन तापमान अभी सामान्य से नीचे बने रह सकते हैं। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा।
बदलते मौसम में रखें विशेष ध्यान
मौसम में अचानक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। ऐसे में नागरिक अस्पताल के छाती रोग विशेषज्ञ डा. प्रदीप सिंह ने कहा कि ऐसे मौसम में अपना विशेष ख्याल रखें। ज्यादा ठंडी, फ्रिज की चीजें खाने से अभी परहेज करें। फ्रिज में कोई खाद्य पदार्थ रखा है तो उसको कुछ समय के लिए बाहर रखें, ताकि वह कमरे के तापमान पर आ जाए। उसके बाद ही उसका सेवन करें। थोड़ी सी लापरवाही आपके स्वास्थ्य को खराब कर सकती है। उन्होंने कहा कि इन दिनों नागरिक अस्पताल में खांसी-जुकाम व बुखार के केस सामने आ रहे हैं। ओपीडी लगभग 1500 के करीब चल रही है। बदलते मौसम में जरूरी है कि वह सतर्कता बरतें।