66 वर्षीय रणवीर सिंह ने ट्रिपल और हाई जंप में जीता कांस्य
मच्छरौली के 66 वर्षीय रणवीर सिंह ने ऑल इंडिया मास्टर एथलेटिक्स में 65 साल से ऊपर के बुजुर्गों के बीच ट्रिपल और हाई जंप में कांस्य पदक जीता है।
जागरण संवाददाता, समालखा : मच्छरौली के 66 वर्षीय रणवीर सिंह ने ऑल इंडिया मास्टर एथलेटिक्स में 65 साल से ऊपर के बुजुर्गों के बीच ट्रिपल और हाई जंप में कांस्य पदक जीता है। उनमें अभी भी युवा अवस्था का जोश है। वे अखबार और साथियों से बुजुर्गों की प्रतियोगिता के बारे में जानकारी लेते रहते हैं। तैयारी कर उनमें भाग लेते हैं। गांव पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया है।
बीए पास किसान रणवीर सिंह ने बताया कि उन्हें स्कूली जीवन से ही खेल में रुचि है। वे स्कूल और कॉलेज स्तर पर वेस्ट एथलीट रहे हैं। वह पोल बॉल्ट भी खेलते हैं। गत सप्ताह पंचकुला में आयोजित मास्टर एथलेटिक्स में भी उन्होंने ट्रिपल और हाई जंप सहित पोल बॉल्ट तीनों स्पर्धाओं में भाग लिया था, लेकिन दो में पदक मिला। उन्होंने ट्रिपल जंप में 8 मीटर, 28 सेंटीमीटर तो हाई जंप में 1.15 मीटर की कूद लगाई। इन्हें 2019 के जयपुर में आयोजित इसी प्रतियोगिता के ट्रिपल जंप और पोल बॉल्ट में सोना मिल चुका है।