कोरोना के बाद भी रेल सेवा प्रभावित, जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर यात्रियों को सभी ट्रेनें चलने का इंतजार
कोरोना के कारण कुछ हिस्सों में अब भी रेल सेवा प्रभावित है। हरियाणा की बात करें तो जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर भी सभी ट्रेनें अब तक सुचारू रूप से नहीं चल पाई हैं। ऐसे में यात्रियों को सभी ट्रेनें चलने का इंतजार है।
जींद, जागरण संवाददाता। तीसरी लहर के बाद काेरोना संक्रमण के मामलों में कमी के बावजूद जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर सभी ट्रेन सुचारू रूप से नहीं चल पाई हैं। कोरोना संक्रमण से पहले जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर पहले चार ट्रेन चलती थी, जबकि इस समय केवल एक ट्रेन ही चलती है। जो सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर जींद से चलती है। यह ट्रेन नरवाना व कैथल से होते हुए दोपहर लगभग एक बजे कुरुक्षेत्र जंक्शन पर पहुंचती है। इसके बाद वापसी में ट्रेन शाम पौने छह बजे कुरुक्षेत्र से जींद के लिए चलती है, जो रात को लगभग साढ़े नौ बजे जींद जंक्शन पर पहुंचती है। इसके अलावा जींद-पानीपत रूट पर भी एक ही ट्रेन चलती है।
वहीं जींद से कुरुक्षेत्र के लिए बस भी कम ही चलती हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेन चल पड़ी हैं, जिसमें काउंटर से टिकट मिलने की सुविधा शुरू हो गई है। यात्रियों ने पहले की तरह जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर सभी ट्रेनों के परिचालन की मांग की है, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके।
दो हजार से ज्यादा यात्रियों को परेशानी
जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर सभी ट्रेन नहीं चलने से दो हजार से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसमें काफी ऐसे यात्री हैं, जो कैथल या इससे आगे के क्षेत्र से ट्रेन में अपडाउन किया करते थे। इसके अलावा विद्यार्थी व व्यापारियों को भी ट्रेन नहीं चलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नहीं आए कोई निर्देश
जींद जंक्शन स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर इस समय केवल एक ही ट्रेन चल रही है। अन्य ट्रेन चलने को लेकर कोई नए निर्देश नहीं आए हैं। इसके अलावा पानीपत रूट पर भी एक ही ट्रेन इस समय चल रही है। जैसे ही कोई नए निर्देश आते हैं तो यात्रियों को उस प्रकार से सुविधा दी जाएगी।
--जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, जींद जंक्शन।