बाइक स्टार्ट नहीं हुई, मैकेनिक के काम पर सवाल उठाया तो उसने सिर पर हथौड़ा मार दिया
पानीपत के अर्जुन नगर में वारदात। पत्थर लगाने वाले मिस्त्री ने बाइक खराब हुई तो विशाल आटो सेंटर पर गया। बाइक ठीक न हुई तो सवाल उठाया। इस पर बाइक मैकेनिक तैश में आ गया। हथौड़ा मार दिया। खून से लथपथ हो गया मिस्त्री।
पानीपत, जेएनएन - बाइक स्टार्ट न होने के मामूली विवाद में मैकेनिक ने घरों में पत्थर लगाने वाले मिस्त्री के सिर पर हथौड़ा मार दिया। वह खून से लथपथ हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामला पानीपत के अर्जुन नगर का है।
गोपाल कालोनी के नागेंद्र यादव ने पुलिस को शिकायत दी कि वह पत्थर लगाने का मिस्त्री है। वह अपने दोस्त गोपाल कालोनी के दयानंद सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक अचानक बंद हो गई। वह काबड़ी रोड अर्जुन नगर स्थित विशाल आटो सेंटर पर बाइक ले गया। सेंटर मालिक विपिन ने कहा कि बाइक ठीक हो गई है। ले जाओ।
हो गई बहस
बाइक एक बार स्टार्ट हो गई और फिर बंद हो गई। इसको लेकर बहस हो गई। तैश में आकर विपिन ने दुकान से हथौड़ा उठाया और उनके सिर पर हमला कर दिया। वह नीचे गिर गया तो लात-घुसों से पिटाई कर दी। सिर से खून बहने लगा और आरोपित जान से मारने की धमकी देता रहा।
लोग देखते रहे, कोई छुड़ाने नहीं आया
आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बावजूद आरोपित मारपीट करता रहा। दोस्त दयानंद ने उन्हें आरोपित के चंगुल से छुड़वाया और सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया। इसके बाद घटना की पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। आरोपित से उसे जान का खतरा है। माडल टाउन के कार्यकारी थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित नागेंद्र के शरीर पर चोट के तीन निशान हैं। जल्द ही आरोपित को काबू किया जाएगा।