हादसे में जेल वार्डर की मौत
जागरण संवाददाता पानीपत पसीना रोड पर रविवार रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से पानीपत जेल
जागरण संवाददाता, पानीपत : पसीना रोड पर रविवार रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से पानीपत जेल के वार्डर की मौत हो गई। जेल वार्डर घर से दवा लेने के लिए पैदल निकला था। घटना रात करीब 9:30 बजे की है।
रोहतक के खरक बैंसी गांव के आकाश कुमार ने बताया कि वर्ष 2013 में उनके पिता अनिल कुमार (45) जेल वार्डर (सिपाही) के पद पर भर्ती हुए थे। पहले पिता सोनीपत जेल में वार्डर थे। तीन साल से पानीपत जेल में कार्यरत थे। उनका परिवार जेल के पास जेल कालोनी में रहता है। पिता बीमार थे, गत रात्रि दवा लेने के लिए पैदल घर से निकले थे। डेढ़ घंटे बाद तक पिता घर नहीं लौटे तो मां सुनीता ने ढूंढने के लिए उसे भेजा। जेल के पास पसीना रोड पर पिता खून से लथपथ पड़े थे। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता की मौत हुई है।
नवंबर में होनी थी बेटी की शादी, मातम छाया
अनिल के आकाश और सागर बेटे हैं। बड़ी बेटी सुनीता की नवंबर में शादी होनी थी। इसकी घर में तैयारी भी चल रही थी। अनिल की मौत के बाद घर में मातम छाया हुआ है। पत्नी सुनीता का रो-रो कर बुरा हाल है।