पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर पर धमकाने का आरोप, दी शिकायत
आरटीआइ कार्यकर्ता पीपी कपूर ने समालखा के पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। इसमें दफ्तर में आकर अपने हक में बयान देने का दबाव बनाने और देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, समालखा : आरटीआइ कार्यकर्ता पीपी कपूर ने समालखा के पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। इसमें दफ्तर में आकर अपने हक में बयान देने का दबाव बनाने और देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कपूर ने शिकायत में बताया कि पूर्व विधायक भरत सिंह व संजय पानू नाम के व्यक्ति के बीच जीटी रोड स्थित सीताराम कालोनी के प्लाट को लेकर कोर्ट में विवाद चल रहा है। संजय पानू ने कोर्ट से स्टे लेने के लिए उनसे नक्शा बनवाया था। पूर्व विधायक द्वारा संजय पानू के विरुद्ध एसपी को दी शिकायत पर जांच करने पानीपत आर्थिक अपराध शाखा के उपनिरीक्षक नरेश कुमार गत 25 नवंबर को उनके दफ्तर में आए थे। इस दौरान छौक्कर ने जबरन दफ्तर में घुसकर अपने हक में बयान देने के लिए दबाव बनाया। कपूर ने बयान देने से इन्कार करते हुए कहा कि मामले में असली और नकली दस्तावेज साबित करना कोर्ट का काम है। इस पर पूर्व विधायक ने उन्हें देख लेने की धमकी दी। उनके सुरक्षा गार्ड और सहायक ने छौक्कर को दफ्तर से बाहर किया। आरोप गलत हैं, वीडियो देख सकते हैं
पूर्व विधायक भरत सिंह ने जागरण को बताया कि वह ग्राहक बनकर नक्शे के संबंध में पूछने पीपी कपूर के दफ्तर गए थे। उन्होंने एक ही प्लाट के उनके और संजय पानू के दो अलग-अलग नक्शे बनाकर दिए हैं। इस पर उन्होंने असली और नकली नक्शे की बात पूछी। कोर्ट में पार्टी बनाने की बात कही तो कपूर भड़क गए। वायरल वीडियो को कोई भी देख सकता है। उन पर गलत आरोप लगाया गया है।