ग्रहों की टेढ़ी चाल को ठीक करने के लिए पंडितों की शरण में संभावित प्रत्याशी Panipat News
शुभ नक्षत्रों में किए गए कार्य में सफलता की ज्यादा उम्मीद रहती है। इसी उम्मीद के चलते इन दिनों संभावित प्रत्याशी पंडितों की शरण में पहुंच रहे हैं।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, [विनोद चौधरी]। नामांकन की घड़ी नजदीक आते-आते प्रत्याशियों ने अपने ग्रहों की टेढ़ी चाल को ठीक करवाने के लिए ज्योतिषियों के दरबार में दस्तक देनी शुरू कर दी है। संभावित उम्मीदवार अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने के साथ-साथ नामांकन करने के लिए शुभ घड़ी भी पूछ रहे हैं। प्रत्याशी अपनी कुंडली लेकर ज्योतिषियों की शरण में हैं।
चुनावों को लेकर 27 सितंबर से नामांकन शुरू हो गए हैं। यह नामांकन चार अक्टूबर तक चलेंगे। पहले दिन प्रदेश भर में 90 विधानसभाओं के लिए कुल 10 प्रत्याशियों ने ही आवेदन किया है, धर्मनगरी में तो चारों विधानसभाओं से एक भी नामांकन नहीं पहुंचा था। इसके पीछे श्राद्ध के दिनों में किसी भी नए और शुभ कार्य की शुरुआत न करनी, एक बड़ा कारण माना जा रहा है। अब रविवार से पहले नवरात्रे के साथ ही शुभ दिन शुरू हो गए हैं। अब इन्हीं शुभ दिनों में प्रत्याशी अपने लिए शुभ मुहूर्त की तलाश में हैं।
गायों को मिला चारा
टेढी चाल को सीधा करने के लिए कोई मंदिरों में पूजा-अर्चना करवा रहा है तो कोई गायों को अपने वजन के बराबर हरा चारा खिला रहा है। इतना ही नहीं कई प्रत्याशी पंडितों को भोजन करवा रहे हैं।
हर व्यक्ति की दशा अलग
धार्मिक शोध केंद्र के अध्यक्ष ऋषभ वत्स ने कहा कि कोई भी नया कार्य किसी शुभ समय में ही शुरू किया जाता है। कुंडली में ग्रहों की चाल देखकर उनके अनुसार किए गए कार्य में सफलता की उम्मीद बढ़ जाती है। अलग-अलग कामों के लिए पंचांग में देखकर ही शुभ मुहूर्त निकाले जाते हैं। हर व्यक्ति की कुंडली में ग्रहों की दशा अलग-अलग होती है।