पानीपत व हिसार सहित पांच नगर निगमों के चुनाव अक्तूबर में
हिसार, पानीपत समेत प्रदेश की पांच नगर निगमों में वार्डबंदी का काम पूरा हो चुका है। यहां चुनाव अक्टूबर में होंगे।
पानीपत [जगमहेंद्र सरोहा]। प्रदेश के नगर निगमों के चुनाव अक्तूबर माह के पहले सप्ताह में ही होंगे। इसके लिए चुनाव प्रक्रिया इसी माह शुरू कर दी जाएगी और दूसरे सप्ताह तक चुनावी आचार संहिता भी लगा दी जाएगी। हिसार, पानीपत समेत प्रदेश की पांच नगर निगमों में वार्डबंदी का काम पूरा हो चुका है, इसलिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने चुनाव कराने का फैसला ले लिया है। स्थानीय निकाय विभाग जल्द ही चुनाव संबंधित फाइल राज्य चुनाव आयोग को सौंप देगा।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने गत मंगलवार को पांच नगर निगमों के कमिश्नरों की बैठक लेकर वार्डबंदी और विकास कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने इन निगमों की वार्डबंदी का काम पूरा मिला। मंत्री ने नगर निगम कमिश्नरों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं पांच नगर निगमों में वार्डबंदी का काम अभी बाकी है, इसलिए उनके चुनाव वार्डबंदी के बाद ही होंगे। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन के आदेशों के बाद नगर निगमों में विकास कार्यों की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इन निगमों की वार्डबंदी का काम पूरा मिला
पानीपत समेत रोहतक, करनाल, हिसार और यमुनानगर नगर निगमों की वार्डबंदी का काम पूरा हो गया है और यह सही मिली है।
इन निगमों की वार्डबंदी अभी बाकी
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के गृह जिले सोनीपत समेत अंबाला, पंचकूला, फरीदाबाद और गुरुग्राम नगर निगम की वार्डबंदी का काम अभी बाकी है।
5 या 6 अक्तूबर को चुनाव और 9 को हो सकती है गणना
निकाय अधिकारियों के अनुसार नगर निगम के चुनाव की 5 या 6 अक्तूबर को वोङ्क्षटग की जा सकती है। इसके बाद 9 अक्तूबर को मतों की गणना की जा सकती है। इससे पहले 11 या 12 सितंबर को चुनाव आचार संहिता लगाई जा सकती है।
सप्ताह में 150 विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर किए
मंत्री के चुनावी निर्देशों के बाद पानीपत नगर निगम में गत एक सप्ताह में 150 विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर कर दिए हैं। इनमें शहर की सड़कों और पार्कों के निर्माण कार्य हैं। निगम ने गत सप्ताह विवादों में घिरे 33.27 करोड़ के नौ विकास कार्यों के भी टेंडर लगा दिए हैं।
हाई कोर्ट में वार्डबंदी के खिलाफ दायर याचिका बड़ी चुनौती
कई नगर निगमों की वार्डबंदी सवालों में है। अकेले पानीपत की वार्डबंदी के खिलाफ दो याचिका हाई कोर्ट में दाखिल की गई है। वार्ड-20 की निवर्तमान पार्षद सुखङ्क्षवद्र कौर ने वार्ड-21 के निवर्तमान पार्षद बृजभूषण धींगड़ा और निवर्तमान मेयर सुरेश वर्मा के साथ मिलकर यह याचिका दायर की थी।
हाई कोर्ट ने बुधवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए याची पक्ष ने वार्डबंदी संबंधित और तथ्य मांगे थे। वहीं पानीपत निवासी कमल गर्ग ने शिवनगर को लेकर याचिका दायर की है। उनका कहना है कि शिवनगर अब तक अलग वार्ड में रहा है। इसे किसी दूसरे वार्ड के साथ मिलाने के साथ ही आरक्षित कर दिया गया। हाई कोर्ट ने इसमें 11 सितंबर को सुनवाई करना तय किया है।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन का कहना है कि पानीपत, हिसार समेत पांच निगमों में वार्डबंदी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभाग जल्द ही इन निगमों के चुनाव की फाइल चुनाव आयोग को भेजेगा। सितंबर महीने में चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।