अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ड्यूटी में थाना प्रभारी ने बरती लापरवाही, सस्पेंड
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आदर्श थाना केयूके के प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी ने कार्रवाई कर लाइन हाजिर किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किसानों के विरोध की चेतावनी के बावजूद थाना प्रभारी ड्यूटी में नहीं पहुंचे थे।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त किसान मोर्चा के विरोध की चेतावनी के बीच ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कुरुक्षेत्र में आदर्श थाना केयूके के प्रभारी राकेश राणा को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी ने सख्त कार्रवाई करने के बाद उन्हें लाइन में भेज दिया है। उनकी विभागीय जांच डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र को सौंपी है। थाना प्रभारी ने डीएसपी का फोन तक नहीं उठाया था।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग प्रोटोकाल का जिला स्तरीय कार्यक्रम ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित किया गया था। यहां सांसद नायब सैनी, विधायक सुभाष सुधा, डीसी मुकुल कुमार व एसपी हिमांशु गर्ग सहित प्रमुख लोगों ने योग किया था। संयुक्त किसान मोर्चा के भाजपा नेताओं के विरोध को देखते कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरोवर के चारों तरफ पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी।
आदर्श थाना केयूके के प्रभारी राकेश राणा की ड्यूटी ब्रह्मसरोवर पर लगाई गई थी। राकेश राणा खुद ही ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। अधिकारियों ने उनके बारे में भी पूछा। डीएसपी ने उन्हें फोन भी किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया। जांच अधिकारी डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र ने बताया कि फिलहाल सब इंस्पेक्टर सुभाष को आदर्श थाना केयूके का प्रभार दिया है। थाना प्रभारी राकेश राणा से जवाब मांगा जाएगा। इसके साथ आगामी कार्रवाई की जाएगी।