तंवर ने कहा, कांग्रेस व भाजपा को जनता ने नकारा, अब तीसरे विकल्प की तलाश Panipat News
प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जनता दोनों पार्टियों को नकार चुकी है। अब तीसरे विकल्प की तलाश है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस आपस में मिली हुई हैं, इसलिए प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। भाजपा और कांग्रेस को देश-प्रदेश की जनता नकार रही है और तीसरे विकल्प की तलाश में हैं। जहां उन्हें तीसरा विकल्प मिला है, वहां से कांग्रेस और भाजपा का सफाया हो गया है। दिल्ली में आप की जीत तीसरे विकल्प की ही जीत है। इसी को ध्यान में रखकर प्रदेश में भी तीसरे विकल्प पर काम करेंगे। तंवर रविवार को अपने जन्मदिन पर समर्थकों की ओर से आयोजित स्वाभिमान दिवस रैली में बोल रहे थे। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि तंवर आज यहां नई पार्टी बनाने की घोषणा करेंगे, परंतु तंवर ने ऐसी घोषणा नहीं की। यह संकेत जरूर दिया कि संगठन के जरिए हरियाणा में लोगों की आवाज बनेंगे और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। तंवर ने कहा कि पिछले पांच साल में हरियाणा में घोटाले ही घोटाले हुए हैं। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, महिलाओं का शोषण हो रहा है। किसान आत्महत्या कर रहा है।
बसपा में जाने की चर्चा
स्वाभिमान दिवस रैली में बसपा से जुडे कई लोग नजर आए। ऐसा माना जा रहा है कि अशोक तंवर जल्दबाजी में कोई घोषणा करने के बजाय फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। हालाकि तंवर तीसरे विकल्प की बात कर रहे हैं और ऐसे में बसपा यह तीसरा विकल्प हो सकती है।