लोगों ने उत्साह के साथ मनाई दिवाली
क्षेत्र के लोगों ने दिवाली खुशियों के साथ मनाई। दिनभर लोगों ने एक दूसरे को मिठाई बांटी और शाम को दीपक जलाकर घर और कस्बा जगमग कर दिया।
जागरण संवाददाता, समालखा : क्षेत्र के लोगों ने दिवाली खुशियों के साथ मनाई। दिनभर लोगों ने एक दूसरे को मिठाई बांटी और शाम को दीपक जलाकर घर और कस्बा जगमग कर दिया। मंदिरों को दूधिया रोशनी से सजाया गया था। लोगों ने शांति और उत्साह के साथ दिवाली मनाई।
दिवाली पर दुर्गा व गायत्री माता सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। लोग देर शाम तक पूजा अर्चना में लीन रहे। कृष्णा कालोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में सुबह और शाम के समय हवन-यज्ञ किया गया। महिला पुरुषों ने यज्ञ में आहुति डाली। रामविलास गुप्ता ने बताया कि गायत्री मंत्र विश्व का सबसे छोटा, कितु सबसे सारगर्भित मंत्र है। यह धर्मशास्त्र, तत्वदर्शन एवं अध्यात्म विज्ञान की कुंजी है। सतयुगी विश्व व्यवस्था के समस्त सूत्र-संकेत इसमें बीज रूप में कूट-कूट कर भरे हैं। यह नवयुग के संविधान की तरह है। शक्तिपीठ में दीपावली पूजन एवं दीपदान यज्ञ भी हुआ। लोगों ने दीप दान कर दीपावली की शुभकामना एक दूसरे को दी। सोमवार को पीठ सहित कस्बे के न्यू दुर्गा कालोनी स्थित शिव मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, रघुनाथ मंदिर, विश्वकर्मा धर्मशाला, निजी दुकान आदि जगहों पर गोवर्द्धन पूजा, अन्नकूट तथा विश्वकर्मा पूजा का भी आयोजन किया गया। हवन-यज्ञ के पश्चात कढ़ी, चावल का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर नरेश जौरासी, संदीप, जोगेंद्र सिंह, पंडित हरिनारायण शास्त्री, रकम सिंह रावल, एमके गोयल, राजेंद्र शर्मा, आनन्द शरण, सुभाष व कृष्णा देवी मौजूद रहे।