सर्द हुआ मौसम, शीत लहर से बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान पहुंचा 10 डिग्री सेल्सियस तक
पानीपत के मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी की वजह से न्यूनतम तापामान में असर देखने को मिल रहा है। वहीं वायु गुणवत्ता स्तर में सुधार आया है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 124 रहा है।
पानीपत, जेएनएन। पहा़ड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से ठंडक बढ़ गई है। शनिवार को सुबह से ही शीतलहर चली। हालांकि तापमान में सुधार रहा। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य स्तर पर है। मौसम साफ रहा। धूप खिलने से शीत लहर से राहत रही। वायु गुणवत्ता भी हवा की गति अनुकूल होने की वजह से मध्यम श्रेणी में है। इसमें और सुधार होने की संभावना है।
सुबह ठंडी हवा चलने के कारण मार्निंग वाक पर भी बहुत संख्या में लोग निकले। पार्कों में भी लोग कम आ रहे हैं। सर्दी बढ़ने के साथ ही मुंगफली रेवड़ी, गजक की मांग बढ़ गई। सर्दी में कपड़ों की मांग भी बढ़ गई। इन दिनों गर्म कपड़ों का सीजन पीक पर चल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार सर्दी का सीजन लंबा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक दिसंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना जताई है। मौसम खुश्क रहने के कारण किसानों को कृषि विभाग ने जल्द सिंचाई करने की सलाह दी है।
वायु गुणवत्ता के स्तर में सुधार रहा। शनिवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 124 अंक रहा। किसान आंदोलन के कारण वाहन कम चल रहे हैं। वाहनों से निकलने वाले धुएं से राहत मिल रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि मौसम के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। हवा चल रही है।
हरी सब्जियों की आवक में बढ़ोतरी
सर्दी के मौसम में सब्जियों की आवक बढ़ जाती है। हरी सब्जियों की आवक बढ़ गई जिस कारण सब्जियों के थोक भाव आधे रहे हैं। आलू नया आया चुका है, लेकिन आलू प्याज के दामों में गिरावट नहीं है। नए आलू के खुदरा भाव 50 रुपये किलो चल रहे हैं। पुराना आलू भी इसी भाव बिक रहा है। आलू प्याज के कारण खुदरा सब्जी विक्रेता हरी सब्जी के भाव भी ज्यादा ले रहे हैं।