पानीपत के तीन स्टार पहलवान, नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में दम दिखाने को तैयार
हरियाणा के पानीपत के तीन पहलवान पट्टीकल्याणा की कोमल पांचाल राज नगर का सागर जागलान और इसराना के साहिल का हरियाणा कुश्ती दल में चयन हुआ है। अब ये तीनों पहलवान नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में दम दिखाने को तैयार हैं।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के तीन स्टार पहलवान पट्टीकल्याणा की कोमल पांचाल, राजनगर के सागर जागलान और इसराना के साहिल का चयन प्रदेश के कुश्ती दल में हो गया है। इन पहलवानों ने 26 से 28 फरवरी को हुई सब जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में जीत हासिल की थी।
तीनों पहलवान 19 से 21 मार्च को कर्नाटक के बेल्लारी में होने वाली नेशनल सब जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे। इसकी तैयारी में पहलवान जुट गए हैं। 92 किलोग्राम के पहलवान साहिल ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन पहलवानों को हराने के बाद हौसला बढ़ा है। नेशनल प्रतियोगिता में भी वे पदक जीतेगा। उनका लक्ष्य एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने का है। इसके लिए प्रतिदिन सात घंटे अभ्यास कर रहा हूं।
गांव के कोच के पास लौटी कोमल
विश्व कुश्ती चैंपियन 46 किलोग्राम की कोमल को एक कंपनी ने स्पांसर कर रखा है। वे दो महीने से बेल्लारी में अभ्यास कर रही थी। अब वे अपने गांव के कोच विनोद के पास लौट आई हैं। कोच विनोद कुमार ने बताया कि कोमल की तकनीक में सुधार कराया जा रहा है। सुबह-शाम तीन-तीन घंटे अभ्यास कराया जा रहा है। हर रोज दो घंटे तक कुश्ती का भी अभ्यास कराया जा रहा है।
सागर कर रहा है आठ घंटे अभ्यास
सब जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियन 71 किलोग्राम के सागर जागलान सोनीपत के रोहमा गांव स्थित बाबा भोलादास अखाड़ा में प्रतिदिन आठ घंटे अभ्यास करते हैं। कोच अश्वनी दहिया ने बताया कि सागर की नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए तैयारी अच्छी है। तकनीक लेग अटैक पर जोर दिया जा रहा है। उनसे पदक की उम्मीद है।