Panipat Coronavirus Update: पानीपत में मृतक एएसआइ की रिपोर्ट आई कोरोना पाॅजिटिव, 17 नए केस मिले
अभी तक पानीपत में 7701 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से 7172 स्वस्थ हो चुके हैं। 359 एक्टिव केस हैं 72 मरीज लापता हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से 98 मौत हो चुकी हैं। बीते कई दिनों से राेजाना कम ही संक्रमित केस मिल रहे हैं
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में कोरोना हारने लगा है। बीते कई दिनों से कोराेना केस लगातार कम हो रहे हैं। वहीं अब न्यू आरके पुरम, पानीपत निवासी, करनाल के सदर थाना में तैनात रहे एएसआइ संजय कुमार की मौत के बाद रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। उनकी मृत्यु पांच अक्टूबर को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हुई थी। मौत से पहले स्वाब सैंपल लिए गए थे। रविवार को 17 मरीजों की रिपोर्ट भी पाजिटिव मिली है।
48 वर्षीय मृतक के पुत्र अमित ने बताया कि पिता की बुखार, कफ बनने, सांस लेने में तकलीफ होने पर होने पर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पांच अक्टूबर को स्वाब सैंपल लिए गए थे। उसी दिन उनकी मौत हो गई थी। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए अंतिम संस्कार किया गया था। करनाल से आए पुलिस के सशस्त्र जवानों ने सलामी दी थी। परिवार में सात सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं, रिपोर्ट आनी है। सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि रविवार को मिले संक्रमितों में से विराट नगर निवासी दंपती, उसी परिवार के दो अन्य सदस्य शामिल हैं। बाकी केस गांव पलड़ी, उरलाना, माडल टाउन, सेक्टर 12, इंसार बाजार, मेन बाजार, सेक्टर 25, सेक्टर 17, वधावाराम कालोनी, मतलौडा, हलवाई अट्टा में मिले हैं।
स्वस्थ होने पर 14 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। सिविल सर्जन के मुताबिक रविवार को 401 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अभी तक पानीपत में 7701 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से 7172 स्वस्थ हो चुके हैं। 359 एक्टिव केस हैं, 72 मरीज लापता हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से 98 मौत हो चुकी हैं।