बधाई बनी व्यापार, झगड़ा होने पर ट्रैक पर लेटे किन्नर
जागरण संवाददाता, पानीपत : रेलवे स्टेशन पर किन्नर समाज के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों म
जागरण संवाददाता, पानीपत : रेलवे स्टेशन पर किन्नर समाज के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामला इतना अधिक बढ़ गया कि कुछ किन्नर रेलवे ट्रैक पर भी लेट गए। बुधवार को दोनों पक्ष जीआरपी पुलिस स्टेशन पहुंचे। जहां दोपहर ढ़ाई बजे तक गहमा-गहमी जारी रही। बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गया।
प्रिया और ऋतु ग्रुप के कुछ किन्नर मंगलवार रात को स्टेशन पर यात्रियों से बधाई मांग रहे थे। इसी दौरान हतिया ग्रुप के किन्नर भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में स्टेशन पर बधाई लेने की बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते प्रिया, ऋतु, सलमा, रेशमा, सारिका, हतिया, पलक, लोटली, मन्नत व छोटी किन्नरों ने आपस में मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर नकली होने का आरोप लगाया। लगभग आधा घंटे तक चले इस विवाद के बाद कही जाकर मामला शांत हुआ। बुधवार को मामला जीआरपी थाना में पहुंचा। पुलिस ने महिला पुलिस कर्मियों को भी बुलाया। जांच पड़ताल के बाद कोई किन्नर नकली नहीं मिला।
वर्जन
दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। अपने बचाव के लिए एक किन्नर घबरा कर ट्रैक पार करते समय गिरकर मामूली रूप से चोटिल हो गया था। जिसे उसी समय साथी किन्नर वहां से ले गए थे। बुधवार को दोनों पक्षों में आपस में सुलह हो गया।
जीआरपी थाना प्रभारी, एसआइ राजकुमार
वर्जन
ट्रैक पर किन्नरों के लेटने का कोई लिखित मेमो जीआरपी ने नहीं भेजा। यदि किन्नर ट्रैक पर लेटे हैं तो पुलिस को कार्रवाई जरूर करनी चाहिए।
स्टेशन अधीक्षक, धीरज कपूर