मालिक ने मजदूर के साथ पहले बैठ पी शराब, फिर कर दी हत्या, अब हुआ खुलासा
काम समाप्त होने के बाद रात में राजेंद्र और महेंद्र ने एक साथ शराब पी थी। पीने के दौरान ही इनकी आपस में कहासुनी हो गई जो हाथापाई तक पहुंच गई। फिर महेंद्र ने कत्ल कर दिया।
समालखा, जेएनएन। महावटी वासी मजदूर राजेंद्र (55) की हत्या की वारदात को पुलिस ने तीन दिन बाद सुलझा लिया है। मालिक महेंद्र वासी महावटी ने हत्या की बात कबूल ली है। पुलिस ने आरोपित महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को इसे अदालत में पेश किया जाएगा।
मजदूर के पुत्र कुलदीप के आशंका जाहिर करने के बाद पुलिस ने महेंद्र को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह टूट गया। उसने सारी घटना बयां कर दी। जांच अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि काम समाप्त होने के बाद रात में राजेंद्र और महेंद्र ने एक साथ शराब पी थी। पीने के दौरान ही इनकी आपस में कहासुनी हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई।
विवाद के दौरान धक्का देने से राजेंद्र खेत में गिर पड़ा। महेंद्र ने मुक्का, लात व घूसे से उसे पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। लोगों की नजर से बचने के लिए उसे उसे घसीट कर बसाड़ा रोड के किनारे ओट में छोड़ दिया। अगले दिन खोजबीन के दौरान स्वजनों को उसका शव मिला।
ये था मामला
राजेंद्र करीब दो दशक से मालिक महेंद्र महावटी के पास काम करता था। 29 मई को भी वह उसके खेत में मजदूरी करने गया था। काम समाप्त होने के बाद वह रात में घर नहीं आया। स्वजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सुबह में खोजबीन के दौरान उसका शव बसाड़ा रोड के किनारे खेत में मिला। उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे। पुलिस ने पुत्र कुलदीप की आशंका पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पोस्टमार्टम में भी डॉक्टर ने चोट से राजेंद्र की मौत होने की बात कही थी, जिससे पुलिस उसके संपर्क के लोगों की तलाश कर रही थी।
जांच अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि महेंद्र को समालखा से दोपहर के समय गिरफ्तार किया गया है। उसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल ली है। शराब पीने के दौरान मामूली कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की सहित लात-घूसे से मारपीट में राजेंद्र की मौत हुई है।