Haryana Assembly Election 2019: पानीपत शहरी विधानसभा सीट से नए चेहरे पर कांग्रेस का दांव, संजय अग्रवाल को टिकट
कांग्रेस ने पानीपत शहर से संजय ग्रामीण से पूर्व मंत्री ओपी जैन समालखा से धर्म सिंह और इसराना से बलबीर को टिकट दिया है।
पानीपत, जेएनएन। कांग्रेस ने बुधवार मध्य रात्रि एक बजे उम्मीदवारों की सूची जारी की। पानीपत शहर से नये चेहरे संजय अग्रवाल पर दांव खेला है। ग्रामीण सीट से पूर्व मंत्री ओमप्रकाश जैन को मैदान में उतारा है। समालखा से पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर और इसराना से बलबीर वाल्मिकी को टिकट दिया गया है। पानीपत शहरी सीट से टिकट की दौड़ में विरेंद्र उर्फ बुल्लेशाह को आगे माना जा रहा था। कांग्रेस इंडस्ट्रियल सेल के पदाधिकारी संजय अग्रवाल की पैरवी प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा कर रही थी। माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के बीच टिकटों को लेकर हुई खींचतान का लाभ भी संजय अग्रवाल को मिला है।
पानीपत ग्रामीण सीट पर भी तंवर गुट के पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान उर्फ बिल्लू और हुड्डा गुट के शौर्यवीर सिंह को पार्टी हाईकमान ने किनारे कर दिया। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में प्रसन्नी देवी को हराकर जीत का पताका लहरा चुके पूर्व मंत्री ओमप्रकाश जैन को एक बार फिर अवसर दिया गया है। समालखा सीट से उम्मीदवार बनाए गए धर्म सिंह छौक्कर पहले भी हजकां से चुनाव जीत चुके हैं। इसराना सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार बलबीर वाल्मिकी ने वर्ष 2014 का चुनाव हार गए थे। पार्टी ने एक बार फिर से उन पर भरोसा किया है।