Haryana Politics: ओपी चौटाला ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा-यूपी चुनाव में भी होगा ऐलनाबाद जैसा हाल
इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए तीसरे मोर्चे के गठन का एक बार फिर से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी का जैसा हाल ऐलनाबाद में हुआ वैसा ही यूपी में भी होगा। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए तीसरा मोर्चा जरूरी है।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। ऐलनाबाद चुनाव में जो हाल भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों का हुआ है। ऐसा ही हाल उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में होगा। भाजपा प्रत्याशी के विरोध में इनेलो प्रचार करेगी। देश को बचाने के लिए तीसरा मोर्चा जरूरी है। तभी देश के बिगड़े हालात ठीक होंगे। उक्त शब्द पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्वनी दत्ता के घर पर प्रेसवार्ता के दौरान कहे। आरोप लगाया कि जब से भाजपा की सरकार बनी है। तब से प्रधानमंत्री ने एक बार भी प्रेसवार्ता नहीं की, केवल मन की बात सुनाते हैं।
तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे एक ही विचारधारा के लोग
उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार हो चुका है। अब तीसरे मोर्चे के लिए काम किया जाएगा। जो भी एक विचारधारा के लोग होंगे। इसमें शामिल किए जाएंगे। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि आंदोलन अभी लंबा चलेगा, लेकिन किसान आंदोलन का भविष्य बहुत ही अच्छा है। सच्चे मन व निष्ठा के साथ किया गया संघर्ष कभी बेकार नहीं जाता। किसान हक के लिए दिन रात आंदोलन पर बैठे हुए हैं। सरकार उनकी आवाज का दबाने में लगी हुई है। लाठी से ज्यादा समय तक किसी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। सत्ता पक्ष के कार्यक्रमों का विराेध करना कहां तक ठीक है। इस पर उनका कहना था कि विरोध भी किसी कारण से ही होता है।
वोट खरीदी गई है ऐलनाबाद के चुनाव में
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार ऐलनाबाद का चुनाव नहीं करवाना चाहती थी। इसीलिए देरी से चुनाव करवाया गया। यहां पर भी नियमों के खिलाफ कार्य किया। पैसों में वोट खरीदी गई। उसके बाद भी इनेलो का प्रत्याशी जीता है। गत चुनाव से 16 प्रतिशत वोट ज्यादा मिली। इस चुनाव में कांग्रेस भी भाजपा के साथ मिली हुई थी। उत्तर प्रदेश के चुनाव में प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उनका कहना है कि वहां पर उनकी पार्टी का ज्यादा जनाधार नहीं है, लेकिन दूसरे दलों की मदद की जाएगी।