टीकाकरण के पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या बढ़ी
प्रथम चरण में 6660 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीनेशन से लिए रजिस्टर्ड किया गया था। उस समय प्राइवेट सेक्टर के बहुत से स्वास्थ्यकर्मियों ने समय से नाम-पता-पहचान पत्र नहीं दिया था।
जागरण संवाददाता, पानीपत : कोरोना वैक्सीनेशन का प्रथम चरण पूरा न होते देख स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को दूसरा चरण शुरू कर दिया है। सिविल अस्पताल में 100 कर्मचारियों को टीका लगना था, मात्र 29 ने ही लगवाए। इनमें आठ हेल्थ वर्कर्स और 21 राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। उधर, लाभार्थी हेल्थ वर्कर्स की संख्या 6660 से बढ़कर अब 7860 हो गई है।
प्रथम चरण में 6660 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीनेशन से लिए रजिस्टर्ड किया गया था। उस समय प्राइवेट सेक्टर के बहुत से स्वास्थ्यकर्मियों ने समय से नाम-पता-पहचान पत्र नहीं दिया था। वहीं अब 1200 स्वास्थ्य कर्मचारियों का नाम लाभार्थियों की सूची में जुड़ने से संख्या 7860 हो गई है। अब तक 12 दिन चले टीकाकरण में विभाग मात्र 3618 (46 फीसद) हेल्थ वर्कर्स को ही टीका लग सका है। शुक्रवार को टीकाकरण कराने वाले दूसरे चरण के लाभार्थी राजस्व विभाग के 21 कर्मचारियों को जोड़ दिया जाए तो कुल 3639 को कोविशील्ड वैक्सीन का टीका लग चुका है।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि सोमवार से पुलिसकर्मियों, होमगार्ड्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (थर्मल प्लांट, रिफाइनरी और एनएफएल की सुरक्षा में तैनात) के जवानों का टीकाकरण शुरू होगा। इसके बाद नगर निगम और नगर पालिका के कर्मियों को टीका लगाया जाना है।
1800 पुलिसकर्मी, 500 होमगार्ड्स दूसरे चरण के लाभार्थियों में राजस्व विभाग के 280 कर्मचारी शामिल हैं। डीएसपी मुख्यालय सतीस वत्स ने बताया कि जिले में लगभग 1800 पुलिसकर्मी और 500 होमगार्ड्स हैं। स्वास्थ्य विभाग को सूची सौंप दी गई है। सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों की मदद से लाभार्थियों को मैसेज टीकाकरण के लिए मैसेज दिया जाएगा।
थाने के हिसाब से टीकाकरण केंद्र नोडल अधिकारी डा. मनीष पासी ने बताया कि पुलिसकर्मियों, होमगार्ड्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की सहूलियत को ध्यान में रखकर टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे।
अब तक जिले में हुआ टीकाकरण
16 जनवरी 140
18 जनवरी 130
19 जनवरी 280
20 जनवरी 50
21 जनवरी 303
22 जनवरी 299
23 जनवरी 320
25 जनवरी 1220
28 जनवरी 331
29 जनवरी 192
04 फरवरी 399
05 फरवरी 29 कोरोना का टीका जरूर लगवाएं
नायब तहसीलदार अनिल कौशिक ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर 12:20 बजे सिविल अस्पताल में कोविशील्ड का टीका लगवाया। 30 मिनट आब्जर्वेशन में रहा। इसके बाद आफिस कार्य निपटाया। अब शाम के सात बजे हैं, घर पर हूं। टीका लगने से मामूली दिक्कत भी नहीं हुई है। राजस्व विभाग के स्टाफ से अपील है कि महामारी से निर्णायक जंग में टीका जरूर लगवाएं।
टीका लगवाने के लिए आगे आएं
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने कहा कि इतने प्रचार-प्रसार और काउंसिलिग के बावजूद हेल्थ वर्कर्स में टीकाकरण के प्रति उदासीनता चिता का विषय है। स्वास्थ्यकर्मियों सहित दूसरे चरण के लाभार्थियों से निवेदन है कि खुद टीका लगवाएं, दूसरों को भी प्रेरित करें।