कैथल में अपडेट नहीं हो रहा एनडीसी पोर्टल, अटकीं प्रॉपर्टी की फाइलें
कैथल में शहर स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से अपडेट किया जाने वाला नो ड्यूज सर्टिफिकेट पोर्टल बंद है। इसके अपडेट न होने की वजह से प्रॉपर्टी की फाइलें भी अटक गई हैं। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल के शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से करीब 20 दिनों से एनडीसी पोर्टल अपडेट करने का कार्य किया जा रहा है। फिलहाल पोर्टल अपडेट नहीं हो पा रहा है, जिस कारण सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में प्रोपर्टी से संबंधी फाइलें अटकी हुई हैं।
पोर्टल से आनलाइन एनओसी लेने की प्रक्रिया में संबंधित नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पर पासवर्ड आता है। अपडेट ना होने के कारण यह पासवर्ड नहीं आ रहा है और ऐसे में लोगों के काम अटक गए हैं। अगर हम कैथल की बात करें तो इन 20 दिनों में करीब 200 नई फाइलें अटक गई हैं। शहर के लोग नगर परिषद कार्यालय में चक्कर लगा रहे हैं। बता दें कि प्लाट की रजिस्ट्री से पहले नगर परिषद से एनओसी लेनी पड़ती है। अगर प्लाट मालिक को नप का टैक्स देना हाेता है तो पहले पूरा टैक्स वसूल किया जाता है और उसके बाद एनओसी दी जाती है। हालांकि जब से यह नियम लागू हुआ है नगर परिषद की आमदनी भी बढ़ गई है।
निदेशालय को भेजी है 65 हजार प्रोपर्टी की रिपोर्ट
याशी कंसलटेंसी की तरफ से शहर की हर प्रोपर्टी का सर्वे किया गया था। सर्वे के अनुसार शहर में करीब 65 हजार प्रोपर्टी हैं। नगर परिषद की तरफ से हर प्रोपर्टी की जानकारी शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजी हुई हैं। पोर्टल अपडेट होने के बाद हर प्रोपर्टी की जानकारी आनलाइन हो जाएगी। हालांकि एजेंसी के सर्वे के बाद शहर के कई लोगों ने आपत्ति दर्ज करवाई थी। सर्वे में गलतियां की हुई हैं। उसके बाद नगर परिषद की तरफ से एजेंसी का डाटा और नगर परिषद का पुराना रिकार्ड मिलाया गया था।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि एनडीसी पोर्टल शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से अपडेट किया जा रहा है। पोर्टल अपडेट ना होने के कारण प्रोपर्टी से संबंधित नई फाइलों को पास करने में परेशानी हो रही है। उम्मीद है जल्द ही पोर्टल अपडेट हो जाएगा।