पानीपत में छिपा संदिग्ध आतंकी, NIA ने चलाया सर्च अभियान, पुलिस को भनक तक नहीं
पानीपत में संदिग्ध आतंकी छिपे होने की सूचना है। दिल्ली उप्र और स्थानीय पुलिस के सहयोग से एनआइए ने तीन घंटे सर्च अभियान चलाया। लेकिन लोगों की बढ़ती भीड़ देख टीम वापस लौट गई।
पानीपत, जेएनएन। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली व उत्तर प्रदेश और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सोमवार रात शहर थाना क्षेत्र में संदिग्ध आतंकवादी की तलाश में तीन घंटे तक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों के जुट जाने के कारण ऑपरेशन पूरा किए बगैर टीम लौट गई।
दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तमिलनाडु के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दिल्ली पुलिस के एसपी रैंक के अधिकारी और उत्तर प्रदेश पुलिस के आला अधिकारी की अगुवाई वाली टीम शाम करीब छह बजे बस अड्डा चौकी क्षेत्र पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लिया, लेकिन उसे कोई जानकारी नहीं दी।
करीब 50 लोगों से की पूछताछ
संयुक्त टीम सालारजंग गेट के नजदीक एक स्कूल के आसपास पौने घंटे तक घूमती रही। इसके बाद स्काईलार्क रोड स्थित लाला भाई गुरुद्वारे के पास पौने दो घंटे तक सर्च अभियान चलाया। माइजी कॉलोनी, कलंदर शाह दरगाह क्षेत्र और खटीक बस्ती में भी दबिश दी। इसी दौरान, टीम ने करीब 50 लोगों से पूछताछ की।
पकड़े गए संदिग्ध व्यक्ति को भी साथ लाई थी टीम
टीम ने साथ लाए संदिग्ध व्यक्ति को गाड़ी से नीचे नहीं उतारा। उसके आसपास पुलिस का कड़ा पहरा रहा। भारी पुलिस बल को देख क्षेत्र के लोग जुटने लगे और सर्च अभियान की जानकारी लेने लगे। इसके बाद टीम वापस लौट गई।
ऑपरेशन बड़ा था, स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं दी
ऑपरेशन की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिल्ली और उप्र पुलिस के आला अधिकारियों की टीम ने स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं दी। स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वे टीम के साथ थे, लेकिन ये नहीं बता पाए कि टीम किसकी तलाश में आई थी।
पानीपत में पहले भी चुके हैं बम ब्लास्ट
पानीपत में पहले भी कई बार बम ब्लास्ट हो चुके हैं। 18 फरवरी 2007 को दिवाना स्टेशन के पास समझौता एक्सप्रेस ट्रेन में बम ब्लास्ट में 68 लोगों की जान चली गई थी। रेलवे स्टेशन पर दो बार ट्रेन में बम ब्लास्ट हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। पानीपत रेलवे स्टेशन को अतिसंवेदनशील स्टेशनों में शामिल किया गया है।
अब पुलिस चला रही सर्च अभियान
NIA टीम के जाते ही पानीपत में पुलिस अलर्ट पर है। मंगलवार सुबह से ही पुलिस इलाके में पूछताछ कर रही है। संदिग्ध लोगों के रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।
इन क्षेत्रों पर नजर
सालारजंग गेट, स्काईलार्क रोड स्थित लाला भाई गुरुद्वारे के पास, माइजी कॉलोनी, कलंदर शाह दरगाह क्षेत्र और खटीक बस्ती।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम एक व्यक्ति को थाना क्षेत्र में लेकर आई थी। टीम किसकी तलाश में थी, इसकी जानकारी नहीं है। न ही टीम ने उन्हें कुछ बताया था।
सतीश कुमार वत्स, डीएसपी मुख्यालय
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप