कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने बढ़ाई चिंता, पानीपत में इंग्लैंड से लौटे 19 लोग
कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। पानीपत में इंग्लैंड से 19 लोग लौटे हैं। इस नए स्ट्रेन के चलते 18 को ट्रेस किया जा चुका है। 12 के सैंपल हुए। सभी को क्वारंटाइन किया गया है।
पानीपत, जेएनएन। एक माह के अंतराल में इंग्लैंड से लौटे 19 जिलावासियों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है। इनमें से 18 को ट्रैस कर 12 के स्वाब सैंपल लिए गए हैं। सभी को होम क्वारंटाइन किया गया है। एक व्यक्ति ऐसा है, जिसके फोन पर संपर्क नहीं हो सका है।
स्वास्थ्य विभाग को डर है कि ये लोग कोरोना का नया स्ट्रेन लेकर तो नहीं लौटे हैं। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डा. सुनील संडुजा ने बताया कि एक माह में 38 लोग विदेशों से लौटे हैं। इनमें 19 इंग्लैंड से आए हैं। इंग्लैंड में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन से पहले ये लोग भारत लौटे हैं। हालांकि, नया स्ट्रेन मिलने से कई दिन पहले ही से लोग लौट आए थे। एहतियातन सभी के स्वाब सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। चार के सैंपल शनिवार को हुए थे, रिपोर्ट नेगेटिव है। आठ के सैंपल रविवार को लिए गए हैं। उधर, रविवार को 25 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। रिकवर होने पर 14 को डिस्चार्ज किया गया है।
डा. संडुजा के मुताबिक रविवार को 578 सैंपल लिए गए हैं। पानीपत में कुल पाजिटिव 10 हजार 461 केसों में से 10059 रिकवर हो चुके हैं। 253 एक्टिव हैं और चार मरीज लापता हैं। अभी तक जिले में 145 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
यहां मिले पाजिटिव केस
अंसल सुशांत सिटी में सास-बहू, गांव खोतपुरा में मां-बेटा की रिपोर्ट पाजिटिव है। इनके अलावा सेक्टर 11-12, कच्चा फाटक, चुलकाना रोड समालखा, ग्रीन पार्क, इमाम साहब मुहल्ला, हाली कालोनी, गांव डाडोला, सिवाह, ददलाना, डिडवाड़ी, काबड़ी, सौंधापुर और माडल टाउन में केस मिले हैं।