Nagar Nigam: यमुनानगर में जल संरक्षण पर जोर, 25 पार्कों में लगेंगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
बरसात के पानी का संरक्षण करने के लिए प्रथम चरण में नगर निगम वार्ड नंबर 7 8 9 व 10 के विभिन्न पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे। यमुनानगर के लगभग 25 पार्कों में इनका निर्माण किया जाएगा।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। गिरते भू-जलस्तर में सुधार के लिए नगर निगम की ओर से शहर के पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे जहां भूमिगत जल स्तर में सुधार होगा, वहीं, जलभराव की समस्या का निपटान होगा। निगम की ओर से नेहरू पार्क व सेक्टर 17 के पार्कों समेत विभिन्न स्थानों पर रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम के निर्माण के लिए 11.36 लाख रुपये खर्च किए जाने का निर्णय लिया है। यह कार्य निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच ही पूरा करेगी। अधिकारियों का कहना है कि दिसंबर माह में इसे पूरा कर लिया जाएगा।
इन वार्डों में लगेंगे रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम
बरसात के पानी का संरक्षण करने के लिए प्रथम चरण में नगर निगम वार्ड नंबर 7, 8, 9 व 10 के विभिन्न पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे। माडल टाउन स्थित नेहरू पार्क, मेयर हाउस, सेक्टर 17 में पार्षद रामआसरे के घर के नजदीक बने पार्क, आफिसर कालोनी, गुरुद्वारा के पीछे बने पार्क में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण किया जाना है। इसके लिए सभी पार्कों में लिचपिट बनाए जाएंगे। प्रथम चरण में इन पार्कों को कवर किया जाएगा। उसके बाद शहर के अन्य पार्कों में यह व्यवस्था की जाएगी।
पार्कों में नहीं ठहरेगा पानी
शहर में बहुत बड़े बड़े पार्क है। कई पार्क कई-कई एकड़ में बने हुए हैं। बारिश के दिनों में इन पार्कों में पानी जमा हो जाता है। जिससे लोग पार्क में घूमने से रूक जाते हैं। लेकिन रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम बनने के बाद यह समस्या नहीं रहेगी। सिस्टम लगने से पूरे पार्क का बरसाती पानी जमीन के अंदर ही रिस जाएगा। इससे भूमिगत जल स्तर में तो सुधार होगा ही। साथ ही साथ पार्क में जलभराव की समस्या भी नहीं रहेगी। पार्कों में कई-कई दिन तक पानी जमा नहीं रहेगा। जिससे शहरवासियों को पार्कों में घूमने में होने वाली परेशानी दूर होगी।
जल संचय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
नगर निगम के मेयर मदन चौहान का कहना है कि गिरते भू-जलस्तर को देखते हुए पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है। जल संचय की दिशा में नगर निगम का यह महत्वपूर्ण कदम रहेगा। यह वर्तमान की जरूरत है और हमारा भविष्य़ इसी पर निर्भर है। शहर के सभी पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में कुछ पार्कों में यह व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द इस काम को पूरा करें।