तीन बच्चों की मौत से कोहराम, आरोप, केमिकल में डुबोकर की हत्या, रजवाहे में फेंके शव
पानीपत में तीन बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है। पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आरोप है कि बच्चों को केमिकल में डुबोकर रजवाहे में फेंक दिया था।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में बिंझौल गांव के रजवाहे में तीन बच्चों के शव मिलने से ग्रामीणों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि डाई हाउस के मालिक और कर्मचारियों ने बच्चों को दर्दनाक मौत दी। उन्हें मारने के बाद रजवाहे में फेंक दिया। सुबह साढ़े तीन बजे जब रजवाहे का पानी रोका गया तो तीनों बच्चों के शव मिले।
पानीपत शहर के लिए बुरी खबर है। एक साथ तीन बच्चों के शव मिले हैं। आरोप है कि तीनों की हत्या कर रजवाहे में शव फेंके गए। कार्रवाई की मांग को लेकर बिंझौल गांव के लोग सामान्य अस्पताल पहुंच गए। सैंकड़ों की संख्या में लोग मासूम बच्चों की मौत पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि बच्चों को मारा गया है। परिजनों का कहना है कि बच्चों को तैरना आता था, वो डूब नहीं सकते थे। ऐसे में उन्हें मारकर फेंका गया है। वहीं सरकारी अस्पताल में बच्चों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात है।
ये है आरोप
गांव बिंझौल में ही डाई हाउस बनी है। शाम को बच्चे खेलते हुए पतंग की डोर लेने के लिए डाई हाउस गए थे। आरोप है कि डाई हाउस के लोगों ने इन बच्चों को पकड़ लिया। किसी तरह से तो सावन, सागर और सचिन तो भाग गए लेकिन वंश, लक्ष्य और अरुण को कुछ लोगों ने पकड़ लिया। भागकर आए बच्चों ने गांव में बताया कि डाई हाउस वालों ने दोस्तों को पकड़ लिया है। वे पुलिस के पास पहुंचे लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। वे रातभर बच्चों की तलाश करते रहे। सुबह इनके शव रजवाहे में मिले। स्वजनों ने आरोप लगाया कि इन्हें केमिकल में भी डुबोया गया।
कंबल में लपेट कर फेंके गए थे शव
शाम को ही परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। इसके बाद वे डाईहाउस भी गए। वहां लोगों ने अंदर जाने से मना कर दिया। इसके बाद रजवाहे में गए तो वहां पानी ज्यादा था। इसके बाद प्रशासन से गुहार लगाई गई। करीब साढ़े तीन बजे पानी कम हुआ तो लेाग रजवाहे में उतरे। वहां कंबल में तीनों के शव मिले। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आंख और नाक से खून निकला था। उनके मुंह में केमिकल भी था। उन्होंने मांग की, फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जाए। जब तक गिरफ्तार नही होंगे, तो शव नहीं लेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच की जा रही है।