पानीपत में लिव इन रह रहे व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, महिला भी घायल
पानीपत में लिव इन में रह रहे व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वहीं महिला भी घायल हो गई। उत्तर प्रदेश के बागपत का इदरीश पानीपत में विधवा के साथ रह रहा था।
पानीपत, जेएनएन। इंदिरा विहार कॉलोनी में लिव इन में रह रहे अधेड़ इदरीश की गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। मकान मालकिन के कान पर भी चाकू से हमला किया। घायल महिला ने अपने देवर के बेटे पर रंजिश में वारदात करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि महिला ने कॉल कर उसके पति को ओडिशा से बुलाया। स्वजनों के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस को आशंका है कि इदरीश बिना शादी के महिला के साथ रह रहा था। इसी वजह से उसकी हत्या की गई होगी। वारदात रात 2 से 3 बजे के बीच की है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के हेवा गांव के राशिद ने बताया कि वे आठ भाई-बहनों ने 50 वर्षीय इदरीश सबसे बड़ा था। दो-तीन साल से इदरीश पानीपत की इंद्रा विहार कॉलोनी की रानी के साथ मिलकर फेरी लगाकर सूट बेचने का काम करता था। उसी के साथ मकान में रहता था। गत रात्रि रानी, उसकी बेटी गीता घर की छत पर सो रही थी। वहीं पर इदरीश भी था। इसी दौरान उसके भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। रानी बता रही है कि उसके कान पर भी चाकू से हमला किया गया है। रानी व उसके बच्चों से पूछताछ कर वारदात की सच्चाई का पता लगाया जाए। घायल रानी को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। मौके पर मॉडल टाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार और सीआइए-वन प्रभारी राजपाल ङ्क्षसह ने पहुंचकर छानबीन की। इदरीश के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।
देवर के बेटे रवि ने की हत्या
रानी ने पुलिस को बताया कि उसके देवर जोगिंद्र के बेटे रवि ने गर्दन पर वार कर इदरीश की हत्या कर दी। आरोपित उसकी भी गर्दन रेतने वाला था कि नींद खुल गई। इसी वजह से चाकू गर्दन पर लगा। उसने शोर मचाया तो बेटी गीता भी जग गई। उसने सीढिय़ों से रवि को भागते देखा है। वहीं गीता ने पुलिस को बताया कि उसने किसी व्यक्ति को नहीं देखा है।
पति ने लगाया फंदा, बेटे की हुई थी हत्या
थाना मॉडल टाउन प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि 2017 में रानी के पति राजकुमार ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। पांच साल पहले बेटे की हत्या कर दी गई थी। रानी की बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। उसके पास 19 वर्षीय बेटा अंकुश और 17 वर्षीय बेटी गीता रहती है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। रवि, रानी, उसके बेटे व बेटी से भी पूछताछ कर हत्या की वजह का पता लगा जाएगी।
पति को कॉल कर बुलाया और मार डाला
सामान्य अस्पताल में पति के शव को देखने के लिए गुड्डी जिद करती रही। पुलिस ने उसे शवगृह में नहीं जाने दिया। गुड्डी ने बताया कि उसकी चार बेटी व दो बेटे हैं। पति इदरीश एक साल से घर नहीं आए थे। रानी के साथ रहते थे। 20 दिन पहले बेटी की शादी में भी पति शामिल नहीं हुआ। लॉकडाउन से पहले पति ओडिशा के नयागढ़ में फड़ी लगाकर कपड़े बेचने गया था। रविवार को रानी ने कॉल करके उसके पति को घर बुलाया। इसके बाद स्वजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद रानी के बेटे ने कॉल करके उसके भतीजे को बताया कि इदरीश की मौत हो चुकी है। नौ महीने पहले भी रानी और उसके स्वजनों ने उसके पति की हत्या का प्रयास किया था।