चार बहनों के इकलौते भाई की छाती में सुआं घोंपकर हत्या, नहाने के लिए हुआ था विवाद
पानीपत शिवनगर में हत्या का मामला है। बाथरूम में नहाने के विवाद में चार बहनों के इकलौते भाई की छाती में सुआं घोंपकर हत्या कर दी।
पानीपत, जेएनएन। शिवगनर में बाथरूम में नहाने के विवाद में पड़ोसी दंपती ने बेटे के साथ मिलकर चार बहनों के इकलौते भाई की सुआं घोंपकर हत्या कर दी। भाग रहे आरोपितों को मृतक की मां व बहनों ने पकड़ने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा गया। पुलिस ने आरोपित बाप और बेटे को हिरासत में ले लिया है। घटना रात आठ बजे की है।
उत्तर प्रदेश के जिला लखीमपुरखीरी के चंदपुरा गांव के अजीज अली ने बताया कि वह परिवार सहित 15 साल से पानीपत में रह रहा है। छह महीने से शिवनगर गली नंबर पांच स्थित केएस इंटरप्राइजिज फैक्ट्री के क्वार्टर नंबर एक में किराये पर रह रहा है। क्वार्टर नंबर पांच में ईदरीश परिवार सहित रहता है।
बाथरूम से बाहर निकलने को कहा
अजीज ने बताया कि सोमवार दोपहर डेढ़ बजे ईदरीश की एक बेटी टोंटी पर कपड़े धो रही थी। दूसरी बेटी डेढ़ घंटे से बाथरूम में नहा रही थी। उसने टोंटी पर कपड़े धो रही लड़की को कहा कि बहन को बोले कि बाथरूम से बाहर निकल आए। उसे नहाकर टीबी की दवा लेने अस्पताल जाना था।
बाहर आते ही शुरू हुआ विवाद
लड़की बाथरूम से बाहर निकली और उसके साथ कहासुनी करने लगी। फैक्ट्री से लंच टाइम में क्वार्टर पर पहुंची ईदरीश की पत्नी अफसाना ने भी गाली-गलौज की। शाम छह बजे इकलौता बेटा 17 वर्षीय अजीम अली किशनपुरा स्थित फैक्ट्री से काम करके कमरे पर लौट आया था। वह छत पर परिवार सहित खाना खा रहा था। इसी दौरान ईदरीश, अपने बेटे नदीम और पत्नी अफसाना के साथ आया गाली-गलौज करने लगा।
गाली देने से रोका तो पीटा
बेटे अजीम ने गाली देने से रोका तो तीनों ने उसे पीटा। बेटा डर की वजह से कमरे में छिप गया। कमरे में जाकर ईदरीश व अफसाना ने अजीम को पकड़ लिया। नदीम ने छाती में बायीं तरफ सुआं घोंप दिया। खून के छींटे अफसाना के कपड़ों पर भी पड़े। घायल बेटा बेहोश हो जमीन पर गिर गया। वह बेटे के पास गया तो आरोपितों ने उसे भी पीटा। वह घायल को अस्पताल लेकर जाने लगा तो अफसाना ने उसकी गर्दन पकड़ ली, ताकि वह बेटे को न ले जा सके। बेटा पुलिस को बयान न दे पाए। घायल अजीम को बाइक से दानिश और अशफाक सामान्य अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।