पानीपत में डबल मर्डर, 11 दिन पहले प्रेमी और अब मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या
इंद्रा विहार कालोनी में मां-बेटी को चाकू से गोदकर मार डाला गया। 11 दिन में इसी परिवार में तीन हत्याएं हो चुकी हैं। छह जुलाई को इसी घर में बागपत के अधेड़ की हत्या हुई थी।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत की इंद्रा विहार कालोनी में मां-बेटी की हत्या कर दी गई। चाकू से गला रेता गया है। आशंका है कि निर्मम हत्यारों ने हत्या के बाद भी शरीर पर बार-बार चाकू घोंपे। चाकू के कई गहरे निशान शव पर मिले हैं। दोनों के शव बेड पर पड़े मिले। इसी घर में छह जुलाई को बागपत के इदरीश की हत्या हुई थी। इदरीश यहां पर महिला के साथ लिव इन में रहता था। महिला के बेटे अंकुश ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। अंकुश जेल में है। उस हत्याकांड के 11 दिन बाद ही मां-बेटी की हत्या हो गई। इस वारदात को इदरीश हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है।
इंद्रा विहार कालोनी में 46 वर्ष की रानी और उसकी 16 वर्ष की बेटी अंजली ही रहती थी। वीरवार रात को पड़ोसियों ने इन दोनों को एकसाथ देखा था। शुक्रवार को दिनभर दोनों मां-बेटी बाहर नहीं आईं। टीवी चल रहा था। पड़ोसियों को शक हुआ तो पुलिस को बुलाया। पुलिस अंदर पहुंची तो दोनों के शव खून से लथपथ बेड पर पड़े थे। हत्या किसने की, अभी तक ये पता नहीं चला है।
11 दिन पहले मृतक महिला के बेटे ने की थी इदरीश की हत्या
इदरीश मकान मालकिन रानी के साथ लिव इन में रह रहा था। इसी से खफा होकर रानी के बेटे 19 वर्षीय अंकुश ने उसकी चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी थी। अंकुश के पिता राजेंद्र ने आत्महत्या कर ली थी। दो-तीन साल से मां रानी के साथ इदरीश लीव इन में रह रहा था। ये उसे पसंद नहीं था। दोस्तों के तानों से शर्मिंदा था। इदरीश को कई बार समझाया कि वो मां के साथ न रहे। घर छोड़कर चला जाए। इदरीश के स्वजनों को भी बोला था। कुछ दिन पहले भी इसी बात को लेकर इदरीश के साथ झगड़ा हो गया था। वो नहीं माना। इसी रंजिश में हत्या की। इदरीश के छोटे भाई रादिश ने पुलिस को शिकायत देकर शक जताया था कि इदरीश की हत्या रानी व उसके बेटे ने की है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें