पहिए के नीचे दबी थी मां, तड़पता देख बिलख उठा बेटा, देखने वालों की कांप गई रूह
पानीपत में एक कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक और उसकी मां सड़क पर जा गिरे। कैंटर के पहिए के नीचे महिला दब गई। वह करीब 20 मिनट तक दबी रही। इससे उसकी मौत हो गई।
पानीपत, जेएनएन। राजनगर फाटक के पास इस सड़क हादसे को जिसने देखा वह सिहर उठा। मां पहिए के नीचे दबी थी और बेटा उनके दर्द को देख बिलखता रहा। वहां से गुजर रहे लोगों की मदद से महिला को निकाला गया। हालांकि अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना राजनगर फाटक के पास की है। कैंटर के कुचलने से मां की मौत हो गई, जबकि इकलौता बेटा घायल हो गया।
हादसा सुबह 8:45 बजे की है। संजय कॉलोनी की गली नंबर-4 निवासी मदन कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-25 में एक ट्रांसपोर्ट पर काम करता है। उनकी मां रामकली (62) झट्टीपुर गांव के पास एक फैक्ट्री में काम करती थी। वह अपनी मां को बाइक पर बैठाकर झट्टीपुर फैक्ट्री ले जा रहा था। तभी राजनगर फाटक के पास शिव चौक पर तेज रफ्तार से मदर डेयरी के कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक की गिर गई और वह दूसरी तरफ गिरा, जबकि उसकी मां कैंटर के पिछले पहिए के नीचे दब गई। आरोपित चालक कैंटर छोड़कर भाग गया।
20 मिनट बाद पहिए के नीचे से निकाल पाए महिला को
आसपास के लोगों ने करीब 20 मिनट की जद्दोजहद के बाद कैंटर को आगे कर उनकी मां को पहिये के नीचे से निकाला। उनकी मां के सिर व पैर व उसके पैर में चोट लगी। उसने घायल मां रामकली को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित क दिया। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करके शव परिजनों को सौंप दिया। रामकली के पति रतन सिंह की दो साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में बेटा मदन कुमार और दो बेटी हैं। आठ मरला चौकी के एएसआइ देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करके कैंटर कब्जे में लिया है और आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।