शादी से एक दिन पहले दूल्हे पर दुष्कर्म का केस दर्ज, परिवार सहित हुआ फरार
हरियाणा के यमुनानगर में एक दूल्हे की शादी से एक दिन पहले पोल खुल गई। दूल्हे के खिलाफ शादी से एक दिन पहले दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद दूल्हा अपने परिवार के साथ फरार हो गया।
यमुनानगर, जेएनएन। यहां एक दूल्हे की शादी से एक दिन पोल खुल गई। दूल्हे पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला मामला सामने आया है। पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जगाधरी थाना शहर पुलिस आरोपित के घर पहुंची तो आरोपित दूल्हा परिवार सहित वहां से फरार मिला। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर कर दी है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घर से कुछ दूर रहने वाले इस युवक से उसकी दोस्ती थी। चार साल से युवक शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। उसने कई बार उससे शादी करने को कहा भी लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बना देता। इसी दौरान उसे पता चला कि वह 25 अक्टूबर को दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। इस बारे में उसने युवक से बात की।
युवती का आरोप है कि 20 अक्टूबर को सागर उसके घर पर आकर उससे कहने लगा कि वह उससे शादी करना चाहता है। शादी का झांसा देकर आरोपित ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। साथ ही इस बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उस दिन उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। युवती का कहना है कि वह उससे शादी करना चाहती है। युवती ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दी।
शादी से पहले पूरा परिवार फरार
केस दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिवार को पता चला कि उनके बेटे पर दुष्कर्म का केस दर्ज हो गया है। इससे बेटे की शादी में भी विघ्न पड़ सकता है तो वह बेटे सहित घर से कहीं चले गए। पुलिस युवक को गिरफ्तार करने उनके घर भी गई लेकिन वहां कोई नहीं मिला। घर पर युवक के ताऊ व अन्य परिजन थे। पुलिस पूछताछ के लिए ताऊ को अपने साथ थाने ले आई।
तलाश जारी है : राकेश राणा
थाना शहर जगाधरी एसएचओ राकेश राणा का कहना है कि युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवक परिवार सहित फरार है। उसकी शादी हुई या नहीं इसका पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल उसके ताऊ से पूछताछ की जा रही है।