पानीपत में बदमाशों ने पेट्रोल पंप के मालिक के पिता को पिटा, डंडों से दो मशीनें तोड़ी, जानें मामला
पानीपत के माडल टाउन के सुनील कुमार सेतिया ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका असंध रोड पर सेतिया पेट्रोल पंप है। शनिवार रात रात दस बजे वह और उनके 75 वर्षीय पिता चरण दास पंप पर बने कार्यालय में बैठे थे। तभी बाहर से शोर सुनाई दिया।
पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। कार सवार बदमाश ने असंध रोड स्थित सेतिया पेट्रोल पंप के मालिक के बुजुर्ग पिता की नाक पर घुंसा मारा और डंडे से दोनों मशीनें तोड़ दी। कई कर्मचारियों को भी पीटा। आरोपित ने नोजल उठाई और धमकी दी कि पंप में आग लगा दूंगा। डायल 112 नंबर मौके पर पहुंची तो बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग गया। वारदात के आठ घंटे बाद बदमाश के दो गुर्गे बिना नंबर प्लेट की बाइक से और उसकी गाड़ी का शीशा तोड़कर हथियार लेकर भाग गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। आरोपित का पहले भी पीड़ित के साथ कोर्ट में केस चल रही है।
पुलिस से मिली शिकायत के अनुसार
माडल टाउन के सुनील कुमार सेतिया ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका असंध रोड पर सेतिया पेट्रोल पंप है। शनिवार रात रात दस बजे वह और उनके 75 वर्षीय पिता चरण दास पंप पर बने कार्यालय में बैठे थे। तभी बाहर से शोर सुनाई दिया। बाहर नोहरा गांव का बदमाश सोनू उर्फ मोटा गाली-गलौज कर रहा था। उन्होंने समझाने का प्रयास किया। आरोपित ने हाथापाई कर नोजल उठा ली और धमकी दी कि पेट्रोल डालकर पंप में आग लगा दूंगा। आरोपित ने उनके पिता की नाक पर घुंसा मारा। लहूलुहान पिता जमीन पर गिरे। इसके बाद आरोपित ने अपनी गाड़ी से डंडा निकाला और पंप की दोनों मशीनें तोड़ दी। आरोपित डंडा लेकर उनके पीछे भी दौड़ा। फिर बोला कि गाड़ी से हथियार लेकर आता हूं। सभी को गोली मारूंगा। इसी दौरान डायल 112 नंबर गाड़ी मौके पर आ गई। आरोपित गाड़ी छोड़कर भाग गया। घायल चरण दास को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। सुनील का कहना है कि रविवार सुबह छह बजे सोनू के दो गुर्गे उसकी गाड़ी का शीशा तोड़कर हथियार ले गए। इसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर आई और गाड़ी से डंडा बरामद किया।
बदमाश पहले से रंजिश रखता है, कोर्ट केस चला है
पीड़ित सुनील ने बताया कि आरोपित सोनू उनके साथ पहले से रंजिश रखता है। आरोपित के खिलाफ कोर्ट में केस चला है। आरोपित समझौते के लिए दबाव बना रहा है। इसी रंजिश में आरोपित ने पंप पर वारदात की है। आरोपित के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित से उन्हें खतरा है।
गाड़ी गड्डे में पहिया फंसने पर हुआ विवाद, आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे
थाना माडल टाउन प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वर्ष 2015 में सुनील सेतिया के भाई अनिल ने आरोपित सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी व घर में घुसने का मामला दर्ज कराया हैष। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोनू गाड़ी में तेल डलवाने के लिए पंप पर आया था। उसे नहीं पता था कि पंप सुनील का है। पंप के बाहर गड्डे में सोनू की कार का पहिया धंंस गया। सोनू ने पहिया निकलवाने के लिए मदद मांगी। इसी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सोनू ने हंगामा किया। जल्द ही आरोपित को काबू कर लिया जाएगा।