डांट से खफा डॉक्टरी कर रही बेटी घर से भागी, सीसीटीवी से खुला राज तो मचा हंगामा
डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा परिजनों की डांट से घर छोड़कर फरार हो गई। परिजनों ने जब उसे ढूंढा तो वह हंगामा मचाने लगी।
जेएनएन, समालखा [पानीपत]। डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही छात्रा को अपने परिजनों की डांट इतनी बुरी लगी कि वह चंडीगढ़ स्थित अपने घर से भाग गई। लड़की कहां गई इसका पता चंडीगढ़ बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से चला। बाद में पुलिस की मदद से परिजनों ने लड़की को समालखा से ढूंढ निकाला। जब लड़की को बस से उतारा गया तो उसने खूब हंगामा मचाया।
बीएएमएस में नंबर कम आने परिजनों ने छात्रा को खूब डांटा। इससे नाराज लड़की चंडीगढ़ से घर छोड़कर भाग गई। लिखित नोट मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। चंडीगढ़ बस स्टैंड पर सीसीटीवी में दिखाई देने पर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पानीपत में उसे जब उतारा गया तो उसने काफी हंगामा किया।
आखिरकार परिजन यहां पहुंचे और वे युवती को वापस ले गए। युवती मंगलवार शाम को हरियाणा रोडवेज की वोल्वो बस में सवार होकर चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए निकली थी। समालखा के चौकी इंचार्ज ने बताया कि टोल पर परिजनों ने बस को रुकवा लिया था लेकिन युवती ने तब उनको पहचाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद फिर से बस को समालखा के पास रोका गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बस से उतारा गया। उसने जमकर हंगामा मचाया।