मेयर अवनीत कौर ने कहा- पानीपत नगर निगम होगा पेपरलेस
बैठक में अहम चार बिदुओं पर चर्चा की गई। जिसमें वाइस ऑफ सिटीजन के माध्यम से लोगों की निगम संबंधित परेशानियों को खत्म करने और लोगों को सुविधाएं देने पर फोकस रखा गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर की जनता विकास के लिए तैयार है। प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के मामले में पानीपत नगर निगम प्रदेश में सबसे आगे है। हमारा फर्ज बनाता है कि अन्य शहरों की अपेक्षा हम ज्यादा सुविधाएं लोगों का उपलब्ध करवाएं। यह बातें मेयर अवनीत कौर ने ऑल इंडिया ऑफ लोकल सेल गवर्नेस कंपनी के साथ हुई बैठक में कही। उनके साथ निगम अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी थे। बैठक में निगम के महत्व को बढ़ाने, पारदर्शिता लाने और लोगों को सुविधाएं देने पर विशेष तौर पर विचार किया गया। ई-ऑफिस के जरिए निगम को पेपरलेस बनाने जानकारी दी गई।
बैठक में अहम चार बिदुओं पर चर्चा की गई। जिसमें वाइस ऑफ सिटीजन के माध्यम से लोगों की निगम संबंधित परेशानियों को खत्म करने और लोगों को सुविधाएं देने पर फोकस रखा गया। इसमें लोगों की आने वाले शिकायतों के निवारण, उनसे सुझाव मांगना और उस पर निगम प्रतिक्रिया देने को भी शामिल किया गया। निगम किस प्रकार से लोगों की समस्याओं को सुन कर उनका समाधान कर सके, जिससे लोगों की नजरों में निगम की छवि बेहतर बनें। इस पर भी विचार किया गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण में आम आदमी और निगम की भूमिका
स्वच्छ सर्वेक्षण में आम आदमी और निगम की भूमिका के महत्व के बारे में भी बताया गया। सुझाव दिए गए कि आने वाले सर्वेक्षण में निगम अपनी रैंकिग को किस प्रकार सुधार सकता है। इसके अलावा सिटी प्रोजेक्ट मैनेजमेंट पर भी बातचीत की गई। इसमें शहर में होने वाले विकास कार्यों व उनकी वजह से अगर किसी को परेशानी हो रही है तो उसे कैसे निगम हटा सकता है पर चर्चा की गई। टीम इंचार्ज एवं कंपनी रामेंद्र ने बताया कि आज के डिजिटल युग में पोर्टल से आसानी से काम किया जा सकता है। ये पेपरलेस तकनीक है। इससे काम भी आसानी से होता है, फाइलें गुम होने का झंझट भी खत्म हो जाता है, फाइलें पारदर्शी भी रहती हैं और पेपर को भी बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में आयुक्त वत्सल वशिष्ठ समेत निगम के तमाम अधिकारी व मेयर अवनीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट, डिप्टी मेयर रविद्र समेत पार्षद रविद्र भाटिया, रविद्र नागपाल, अनिल बजाज , निगम के एक्सईएन, एसई, चीफ इंजीनियर मौजूद रहे।